उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नए गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) सुधारों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह कदम निवेशकों का भरोसा बढ़ाएगा और आम लोग त्योहारों को और उत्साह के साथ मना पाएंगे।
गोरखपुर में सीएम योगी ने स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर इस सुधार की शुरुआत को चिह्नित किया। दिन की शुरुआत उन्होंने जनता दरबार लगाकर की, जहां लोगों की समस्याएँ सुनीं।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “आज शारदीय नवरात्रि का पहला दिन है। मां दुर्गा के पहले स्वरूप शैलपुत्री की पूजा पूरे देश में हो रही है। इसी शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को दिवाली का तोहफ़ा दिया है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक का सबसे बड़ा GST सुधार लागू किया गया है। इसके तहत रोज़मर्रा की ज़रूरतों की चीज़ों पर लगने वाला टैक्स 18% और 12% से घटाकर 5% और 0% कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों और छात्रों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। किसानों के लिए इस्तेमाल होने वाले सामान पर अब 5% या 0% GST लगेगा। वहीं छात्रों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री पर 12% टैक्स हटाकर 0% कर दिया गया है। दवाओं पर भी बड़ी राहत दी गई है।
योगी ने कहा कि यह सुधार अर्थव्यवस्था के लिए उत्प्रेरक (catalyst) का काम करेगा। “इससे आम उपभोक्ता की क्रय शक्ति बढ़ेगी। त्योहारों में लोग ज्यादा खरीदारी करेंगे। बाज़ार मजबूत होगा, खपत बढ़ेगी और उत्पादन भी बढ़ाना होगा। इसके साथ ही नए रोज़गार भी पैदा होंगे। यानी एक GST सुधार से जनता को कई फायदे मिलेंगे।”
उन्होंने बताया कि यूपी सरकार ने लोगों को इन बदलावों के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। “हम व्यापारियों, ग्राहकों और आम जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं। हर जगह एक ही नारा गूंज रहा है — ‘घटी GST, मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार!’”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए CM योगी ने कहा, “आज हर व्यापारी, हर उपभोक्ता और हर नागरिक अपने त्योहार पूरे जोश और खुशी के साथ मना रहा है। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं इस कार्यक्रम का हिस्सा बना। शारदीय नवरात्रि की सभी को शुभकामनाएं देता हूँ।”
-(इनपुट: आईएएनएस)


