देश की राजधानी दिल्ली स्थित वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल ने आज शुक्रवार को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत एक मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया। इस स्वास्थ्य शिविर में 11,931 मरीजों ने हिस्सा लिया और विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। कैंप में स्क्रीनिंग, परामर्श और वेलनेस सत्र आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य बड़े स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करना था।
नर्सिंग छात्रों ने स्वास्थ्य रैली से लोगों में फैलाई जागरूकता
इस अवसर की सबसे बड़ी विशेषता रही स्वास्थ्य रैली, जिसमें आरएके कॉलेज ऑफ नर्सिंग और वीएमएमसी के नर्सिंग छात्रों ने नेतृत्व किया। इस रैली ने अस्पताल परिसर में विशेष ऊर्जा का संचार किया और जनस्वास्थ्य शिक्षा व सामुदायिक जागरूकता में नर्सिंग छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर किया। रैली का मुख्य संदेश-रोकथाम ही सबसे अच्छा उपचार है, जिसमें सुरक्षित चिकित्सा पद्धतियों और निवारक स्वास्थ्य देखभाल पर बल दिया गया।
हेल्थ कैंप में मरीजों के लिए गैर-संचारी रोगों (NCDs), टीबी और प्रसवपूर्व देखभाल (ANC) की विशेष जांच की गई। इसके साथ ही सामान्य स्वास्थ्य परामर्श, काउंसलिंग, योग और वेलनेस गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनका फोकस समग्र स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर रहा। कैंप के दौरान मरीजों और प्रतिभागियों को पोषक तत्वों से भरपूर मिलेट्स (श्री अन्न) का वितरण भी किया गया ताकि लोगों को पोषणयुक्त आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
इस आयोजन की सफलता अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग फैकल्टी और छात्र स्वयंसेवकों की सामूहिक मेहनत से संभव हुई। उनकी समर्पित सेवा ने एक बार फिर साबित किया कि सफदरजंग अस्पताल सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य संवर्धन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


