केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज रविवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले के तलेगांव दाभाड़े में आयोजित एक कार्यक्रम में एनएचईसी मल्टी स्टेट सहकारी संस्था का भूमि पूजन करेंगे। इस अवसर पर अमित शाह सहकारी समितियों के केंद्रीय पंजीयक (CRCS) के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन तथा पुणे के लिए भारत टैक्सी सेवाओं का शुभारंभ भी करेंगे।
अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय द्वारा सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके कामकाज में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने, सहकारिता आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करने तथा सहकारी क्षेत्र में नई आर्थिक संभावनाओं के सृजन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पुणे में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इन्हीं प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्रीय गृह अमित शाह कार्यक्रम की शुरुआत एनएचईसी मल्टी स्टेट सहकारी संस्था के भूमि पूजन से करेंगे। एनएचईसी मल्टी स्टेट सहकारी संस्था की परियोजना का भूमि पूजन सहकारिता आधारित औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर एनएचईसी और आईडीएमसी लिमिटेड (IDMC Ltd.) के बीच आशय पत्र (Letter of Intent) का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह सहकारी समितियों के केंद्रीय पंजीयक (CRCS) के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे। यह पहल बहुराज्य सहकारी समितियों के लिए क्षेत्रीय स्तर पर प्रशासनिक एवं नियामकीय सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने तथा सहकारी संस्थाओं के कामकाज में सुगमता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसी अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के पुणे के लिए भारत टैक्सी सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। सहकारिता आधारित परिवहन सेवाओं के विस्तार की यह पहल सारथियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा परिवहन क्षेत्र में सहकारी मॉडल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी के चार सारथियों को शेयर प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। (इनपुट-पीआईबी)


