भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड (एजीआईएन) ने नई दिल्ली स्थित एनएएससी परिसर में “आईसीएआर टेक्नोलॉजी पोर्टफोलियो फॉर कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कॉन्क्लेव-2026” का आयोजन किया। सम्मेलन का उद्देश्य कॉरपोरेट क्षेत्र, उद्योग, परोपकारी संस्थाओं और अन्य भागीदारों के सहयोग से कृषि क्षेत्र में नवाचार और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना था।
सम्मेलन में आईसीएआर की सीएसआर के लिए उपयुक्त कृषि प्रौद्योगिकियों, अनुसंधान कार्यों और बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले नवाचारों को प्रस्तुत किया गया। इस दौरान जलवायु अनुकूल कृषि, प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य सुधार, फसल विविधीकरण, स्वास्थ्य के लिए कृषि, कृषि कौशल विकास तथा कृषि में महिलाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया।
कार्यक्रम में 75 से अधिक उद्योगों के लगभग 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा 570 प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़े, जबकि यूट्यूब पर लाइव प्रसारण को 1,600 से अधिक लोगों ने देखा।
सम्मेलन से पहले हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता में चार क्षेत्रीय रोड शो आयोजित किए गए, जिनमें 500 से अधिक हितधारकों ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कृषि प्रौद्योगिकियों के व्यावसायीकरण और CSR आधारित साझेदारी को बढ़ावा देना था।
आईसीएआर ने कहा कि इस तरह की साझेदारियां कृषि प्रौद्योगिकियों को तेजी से किसानों तक पहुंचाने, टिकाऊ कृषि विकास को बढ़ावा देने और किसानों की आय एवं आजीविका को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
-(PIB)


