आईएमडी ने उत्तर और पश्चिम भारत में भारी बारिश की दी चेतावनी, दिल्ली में 5 सितंबर तक छाए रहेंगे बादल

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज मंगलवार को बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में और मजबूत हो जाएगा। इसके असर से देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में भारी बारिश होगी।

वहीं उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। 2 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर अति भारी बारिश की आशंका है। वहीं पूर्वी भारत में छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 2 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी भारत में कोकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 2 से 5 सितंबर भारी बारिश होगी। गुजरात में 4 से 6 सितंबर के बीच और सौराष्ट्र-कच्छ में 6 और 7 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर अति भारी वर्षा हो सकती है।

पिछले 24 घंटों (1 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक) में पश्चिम उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ स्थानों पर 21 सेमी से अधिक की अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और गंगीय पश्चिम बंगाल में 12 से 20 सेमी तक की बहुत भारी बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, अंडमान-निकोबार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, मणिपुर, मध्यम महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश का तटीय इलाका (यनाॅम सहित) और तेलंगाना में 7 से 11 सेमी तक की भारी वर्षा दर्ज की गई।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि 2 सितंबर को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अति भारी बारिश का खतरा है। गुजरात में 4 से 6 सितंबर और सौराष्ट्र-कच्छ में 6 से 7 सितंबर के दौरान यह खतरा बना रहेगा। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा, विदर्भ, कोकण-गोवा, मध्यम महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), राजस्थान (पूर्वी और पश्चिमी) में भी अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर में 2 से 5 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाले बादल भी हो सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो सामान्य से कम होगा। दक्षिण-पूर्व दिशा से 25 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

3 सितंबर को दिल्ली में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 4 और 5 सितंबर को भी मौसम बदला रहेगा और बादलों के बीच हल्की बारिश या गरज के साथ छींटें पड़ सकते हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो सामान्य से थोड़ा कम होगा। हवाएं दक्षिण-पूर्व या उत्तर-पूर्व से चलेंगी और उनकी गति 20 किमी प्रति घंटे से कम रहेगी।