प्रतिक्रिया | Friday, May 17, 2024

01/05/24 | 5:08 pm | Heatwave Alert

बढ़ती गर्मी के बीच पूर्वी-दक्षिणी राज्यों के लिए IMD का रेड अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले दो से तीन दिनों के लिए आंध्र प्रदेश,बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा राज्यों के लिए भीषण गर्मी ‘लू’ के कारण रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने तेलंगाना,आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 4-5 दिनों के लिए हीटबेव का ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया है।

आईएमडी के मुताबिक भीषण गर्मी की लहरों से प्रभावित होने वाला मुख्य क्षेत्र पूर्वी भारत है, दक्षिण भारत में तीव्रता थोड़ी कम होगी। वहीं झारखंड के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने कहा कि 15 अप्रैल से ओडिसा में और 17 अप्रैल से गंगीय पश्चिम बंगाल में लगातार लू की स्थिति बनी हुई है।

वहीं, आंध्र प्रदेश में रायलसीमा क्षेत्र लगातार भीषण गर्मी की चपेट में है। इसी तरह, केरल में कोट्टायम और अलाप्पुझा जैसे कुछ हिस्से भी भीषण गर्मी से प्रभावित हुए।

बंगाल के कलाईकुंडा में मंगलवार को 47.2 डिग्री रहा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल के कलाईकुंडा में मंगलवार को तापमान 47.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 10.4 डिग्री ज्यादा था। इसको लेकर मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिम बंगाल, गुजरात, बिहार, ओडिशा में अगले दो दिन चरम हीटबेव रहेगा। वहीं, झारखंड, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र व आंध्र में 5 दिन हीटबेव के हालात बने रहेंगे। मौसम एजेंसियों ने अपने विश्लेषण में कहा कि ओडिशा, बिहार, बंगाल, महाराष्ट्र व कर्नाटक में 3 से 4 दिनों तक रात में गर्म हवाएं चलेंगी।

पूर्वी व दक्षिणी राज्यों में ‘लू’ की मार

मौसम विभाग ने अनुमान जताते हुए कहा कि पूर्वी व दक्षिणी राज्यों के अधिकांश क्षेत्रों में मई में हीटवेव के हालात बने रहेंगे। जिसमें ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक शामिल हैं। वहीं, देश के उत्तर- पश्चिमी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभों का असर बना रहेगा। इसके चलते मई में हर हफ्ते दो से तीन दिन ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा।

उत्तर भारत में भीषण गर्मी से राहत

मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। बिहार, झारखंड समेत मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, उत्तराखंड में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में भी हल्की कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है।

कब तक मिलेगी गर्मी से राहत?

आईएमडी के अनुसार, उत्तर भारत के कुछ राज्यों में 2 मई के बाद से भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। इसको लेकर कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1641225
आखरी अपडेट: 17th May 2024