चक्रवात ‘अर्नब’ भले ही आंध्र प्रदेश के तट से टकराया है, लेकिन पश्चिम बंगाल पर इसका प्रभाव अभी सीमित है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों में दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
दक्षिण बंगाल में कैसा रहेगा मौसम?
बुधवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिमी मेदिनीपुर और झारग्राम जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के अधिकांश इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। गुरुवार को भी कोलकाता समेत पूरे दक्षिण बंगाल में आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार से मौसम में सुधार की उम्मीद है, लेकिन पूर्वी बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हवाई सेवाओं पर असर
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चक्रवात का प्रभाव साफ दिख रहा है। इंडिगो की शहर आने वाली तीन और यहां से जाने वाली दो उड़ानें रद्द कर दी गईं।
तटीय इलाकों में सतर्कता
पूर्वी मेदिनीपुर में मंगलवार दोपहर कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। बुधवार सुबह से कोंटाई और रामनगर जैसे तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चल रही हैं। बंगाल की खाड़ी में समुद्र का जलस्तर सामान्य से काफी ऊपर है। प्रशासन ने एहतियाती कदम बढ़ा दिए हैं। ताजपुर और शंकरपुर इलाकों में लाउडस्पीकर से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से समुद्र में नहाने पर रोक लगा दी गई है।
उत्तर बंगाल में भी खराब मौसम
उत्तर बंगाल में गुरुवार और शुक्रवार को दार्जिलिंग, कालिमपोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बाकी जिलों के लिए आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। (इनपुट-एजेंसी)


