दक्षिणी चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में आज सोमवार सुबह तूफान तपाह तट से टकराया, जिससे कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ। तूफान सुबह करीब 8:50 बजे जियांगमेन शहर के ताइशान इलाके में पहुंचा। इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 30 मीटर प्रति सेकंड रही। सुरक्षा कारणों से स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
वहीं ताइशान में 182 स्कूलों और किंडरगार्टन की कक्षाएं स्थगित कर दी गईं, जिससे लगभग 1,20,000 छात्र प्रभावित हुए। जियांगमेन में 41,000 से अधिक लोगों को आपातकालीन आश्रयों में पहुंचाया गया। स्थिति से निपटने के लिए मेरीटाइम ब्यूरो ने 43 समुद्री बचाव दल और 30 जहाज तैनात किए हैं, जबकि ताइशान में 3,300 से ज्यादा आपातकालीन कर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
यांगजियांग शहर में भी आपातकालीन आश्रय खोले गए। यहां रविवार सुबह 9 बजे तक 26 अपतटीय पवन ऊर्जा प्लेटफॉर्मों से 1,785 श्रमिकों को निकाला गया। इसके अलावा मछली फार्मों से 2,026 लोग और समुद्री फार्मों से 342 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। तूफान के खतरे को देखते हुए यांगजियांग के 12 तटीय पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया। ग्वांगडोंग के कई हिस्सों में सोमवार को तेज हवाओं और भारी बारिश का असर देखा गया।
हांगकांग वेधशाला ने रविवार शाम तूफान तपाह को देखते हुए चेतावनी प्रणाली का नंबर 8 सिग्नल जारी किया, जो वहां की पांचस्तरीय प्रणाली का तीसरा सबसे ऊंचा स्तर है। इसके असर से हांगकांग हवाई अड्डा प्राधिकरण ने सोमवार को करीब 100 उड़ानें रद्द होने की आशंका जताई। वहीं, मनोरंजन पार्क, क्लीनिक और चीन के हैनान प्रांत से आने-जाने वाली क्रॉस-सी ट्रेन सेवाएं भी रद्द या परिवर्तित कर दी गईं।
मौसम विभाग ने बताया कि तूफान तपाह उत्तर-पश्चिम दिशा में लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा।-(IANS)


