Print

मेरठ में सीएम योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, बोले- सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की दशमी तिथि पर मेरठ में शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के साथ रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ के सांसद अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। इस दौरान पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई। कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान रहा।

हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिवभक्तों की श्रद्धा को नमन किया और प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

भक्ति और सामाजिक समरसता का उदाहरण है कांवड़ यात्रा

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि पवित्र गंगाजल लेकर सैकड़ों किलोमीटर पैदल चल रहे शिवभक्त जात-पात, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवभक्ति में लीन हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया।

कांवड़ मार्ग पर गूंजा ‘हर-हर, बम-बम’

हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का माहौल भक्तिमय रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास में पावन कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है और शिवभक्त तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

मेरठ से दिल्ली तक लाखों शिवभक्त यात्रा में शामिल

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। उन्होंने कहा कि मेरठ में जनप्रतिनिधियों के साथ कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर मिला। मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल हुए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता से तैयार है। जिला प्रशासन, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी और जोन, रेंज, जनपद एवं थाना स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के तमाम अधिकारी श्रद्धाभाव के साथ अभियान का हिस्सा बनकर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

सामाजिक संगठनों ने लगाए सेवा शिविर

सीएम योगी ने कहा कि समाजसेवी और धर्मार्थ संगठन भी जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं और सेवा का ध्यान रख रहे हैं। उन्होंने इन सभी संगठनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में प्रशासन के साथ समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

झांकियों में दिखी शिवभक्ति की अलग-अलग छटा

कांवड़ यात्रा के दौरान निकली झांकियों में ‘बाबा के गण’ विभिन्न स्वरूपों में नजर आए। कोई भगवान भोलेनाथ की भक्ति में झूमता दिखा तो कोई कार्तिकेय और गणेश के स्वरूप में शिव परिवार के प्रति श्रद्धा व्यक्त करता नजर आया। भूत-प्रेत के स्वरूप में भी बाबा के गण रथ पर सवार दिखाई दिए।

गीतों और जयकारों से भगवामय हुआ माहौल

कांवड़ यात्रा के दौरान ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’ जैसे गीतों से माहौल भक्तिमय रहा। श्रद्धालु और आम लोग भी आस्था, उमंग और उत्साह के इन पलों को मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। पूरे मार्ग पर शिवभक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कांवड़ यात्रियों के प्रति सम्मान और उनकी आस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सुख-शांति और सौहार्द के लिए की महादेव से प्रार्थना

सीएम योगी ने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों। उन्होंने प्रदेश और देश में सुख, शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के लिए महादेव की कृपा की कामना की। (इनपुट: आईएएनएस)