सतारा में शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र को दी बड़ी सौगात, 5 लाख ग्रामीण परिवारों का हुआ गृह प्रवेश

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के सतारा स्थित सैनिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित “प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) लाभार्थी सम्मेलन एवं महा आवास अभियान राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह” में 5 लाख पूर्ण ग्रामीण आवासों के गृह प्रवेश का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 5 लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपीं और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जयकुमार गोरे, पर्यटन एवं खननकर्म मंत्री शंभूराज देसाई, सार्वजनिक बांधकाम मंत्री शिवेंद्रसिंह भोसले, मदद एवं पुनर्वसन मंत्री मकरंद जाधव, राज्य मंत्री योगेश कदम और सांसद उदयनराजे भोसले भी मौजूद रहे।

महाराष्ट्र को PMAY-G के लिए 8,368.50 करोड़ रुपए की सहायता

शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए महाराष्ट्र को 8,368.50 करोड़ रुपए की केंद्रीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह राशि ग्रामीण गरीबों के लिए आवास निर्माण अभियान को और गति देगी तथा बेघर-मुक्त ग्रामीण महाराष्ट्र के लक्ष्य को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का संकल्प है कि देश में कोई भी गरीब कच्चे मकान में न रहे और हर पात्र परिवार को पक्की छत मिले।

35 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के अंतर्गत महाराष्ट्र के लिए 122.98 करोड़ रुपए की लागत वाली 35 सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपी। 95.99 किलोमीटर लंबी इन परियोजनाओं से राज्य की 35 ग्रामीण बसावटों को लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी।

‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ 1 जुलाई से होगी शुरू

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 1 जुलाई से “विकसित भारत जी राम जी योजना” की शुरुआत की जाएगी। इस योजना के तहत ग्राम पंचायतें अपनी स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास की रूपरेखा तैयार करेंगी, जिससे गांवों के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को नई दिशा मिलेगी।

प्याज किसानों के लिए NAFED खरीदी का ऐलान

केंद्रीय मंत्री ने प्याज उत्पादक किसानों को राहत देते हुए घोषणा की कि आज से NAFED द्वारा 12.35 रुपए प्रति किलो की दर से प्याज की खरीदी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ने और निर्यात संबंधी परिस्थितियों के कारण बाजार भाव प्रभावित हुए हैं, इसलिए किसानों को तत्काल राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया है।

गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान का भरोसा

शिवराज सिंह चौहान ने गन्ना उत्पादकों की समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए कहा कि केंद्र और महाराष्ट्र सरकार मिलकर व्यावहारिक रास्ता निकालेंगी। उन्होंने कहा कि किसानों को संकट में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

महाराष्ट्र ने पेश किया सुशासन का मॉडल : फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सहयोग से महाराष्ट्र को रिकॉर्ड 30 लाख आवासों की स्वीकृति मिली। उन्होंने कहा कि राज्य ने रिकॉर्ड समय में 5 लाख घर पूर्ण कर लाभार्थियों को समर्पित किए हैं। साथ ही सौर ऊर्जा, बेहतर गुणवत्ता और जमीनविहीन परिवारों को सहायता देकर इस अभियान को व्यापक सामाजिक सुरक्षा मॉडल में बदला गया है।

किसानों और ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा हैं। उन्होंने एमएसपी में वृद्धि, तिलहन-दलहन खरीदी, कपास मिशन, फार्मर आईडी और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विस्तार जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों और ग्रामीण गरीबों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सतारा की धरती को छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता और सुशासन की प्रेरणास्थली बताते हुए कहा कि सुशासन का अर्थ गरीबों के आंसू पोंछना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। (इनपुट: पीआईबी)