सरकार ने इंडिया-एआई इंपैक्ट समिट 2026 के तहत तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैलेंज के लिए आवेदन मांगे हैं। इन तीनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कुल 5.85 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी जाएगी।
यह पहल इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा सितंबर में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य ऐसे एआई नवाचारों को पहचानना और बढ़ावा देना है जो समाज और अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर डाल सकें। इन चैलेंजों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर है।
तीनों प्रतियोगिताओं में एआई फॉर ऑल, एआई बाय हर और युवाआई शामिल हैं। एआई फॉर ऑल प्रतियोगिता का मकसद कृषि, जलवायु, शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन और ट्रांसपोर्ट जैसे क्षेत्रों में उपयोगी एआई समाधान ढूंढना है। इस प्रतियोगिता में 10 विजेताओं को कुल 2.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे और उन्हें निवेशकों व विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
एआई बाय हर चैलेंज महिलाओं द्वारा संचालित एआई नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए है। इसे नीति आयोग के वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म (WEP) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसमें शीर्ष 10 विजेताओं को 2.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी और 30 फाइनलिस्ट को यात्रा सहायता व प्रशिक्षण का अवसर दिया जाएगा।
युवाआई चैलेंज 13 से 21 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए है, जिसमें उन्हें समाज के हित में एआई समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कुल 85 लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए हैं। शीर्ष तीन विजेताओं को 15-15 लाख रुपये, अगले तीन को 10-10 लाख रुपये और दो विशेष पुरस्कार विजेताओं को 5-5 लाख रुपये मिलेंगे। शीर्ष 20 प्रतिभागियों को दिल्ली में होने वाले समिट में भाग लेने के लिए यात्रा सहायता और प्रशिक्षण मिलेगा।


