विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को इक्वाडोर की विदेश मंत्री गैब्रिएला सोमरफेल्ड से नई दिल्ली में मुलाकात की।
इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, कृषि, स्वास्थ्य, डिजिटल क्षेत्र और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। जयशंकर ने कहा कि दोनों देश बहुपक्षीय मंचों पर भी मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने इक्वाडोर के भारत की अगुवाई वाले International Solar Alliance और International Big Cat Alliance से जुड़ने की प्रक्रिया शुरू करने के फैसले का स्वागत किया।
बैठक में क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स के लिए फंडिंग पर भी सहमति बनी, जिससे दोनों देशों के बीच विकास सहयोग और मजबूत होगा।
इक्वाडोर की विदेश मंत्री तीन दिन के भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगी और कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगी, जिनमें जेपी नड्डा और पीयूष गोयल शामिल हैं।
इससे पहले, पिछले वर्ष पबित्रा मार्गेरिटा ने इक्वाडोर का दौरा किया था, जहां दोनों देशों ने शिक्षा, कृषि, एआई, साइबर सुरक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी।
भारत और इक्वाडोर के बीच राजनयिक संबंध 1969 में स्थापित हुए थे और तब से दोनों देश कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं।
-(इनपुटःएजेंसी)


