प्रतिक्रिया | Thursday, January 16, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

भारत ने लॉन्च किया 10 हजार जीनोम बायो बैंक, अनुवांशिक और गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ा कदम

देश में 10 हजार जीनोम का बायो बैंक लॉन्च किया गया है, जो अनुवांशिक और गंभीर बीमारियों के इलाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज गुरुवार को इसका डेटा जारी किया। इसके साथ ही, डेटा के आदान-प्रदान के लिए एक पोर्टल और दिशानिर्देश भी लॉन्च किया गया। इस डेटा का उपयोग सरकार, शोधकर्ता और अन्य संबंधित लोग बीमारियों की पहचान और उनके इलाज के लिए कर सकेंगे।

जनवरी 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में जीनोम इंडिया प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य भारतीयों की आनुवंशिक संरचना को समझना और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सटीक दवाएं विकसित करना था। इसके तहत देशभर के 20 संस्थानों को चुना गया, जिन्होंने 83 अलग-अलग जनसंख्या समूहों से 20,000 से अधिक नमूने जुटाए। इनमें से 10,074 जीनोम का विश्लेषण कर बायो बैंक तैयार किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर खुशी जताते हुए कहा कि आज भारत ने रिसर्च की दुनिया में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद वैज्ञानिकों ने यह प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा किया। अब इस प्रोजेक्ट का डेटा इंडियन बायोलॉजिकल डेटा सेंटर में उपलब्ध है, जो बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि जीनोम डेटा संग्रह करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है। उन्होंने वैज्ञानिकों से इस डेटा को एक मिलियन (10 लाख) तक बढ़ाने का आह्वान किया। यह प्रोजेक्ट गंभीर बीमारियों का सटीक इलाज खोजने में मदद करेगा। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव राजेश गोखले ने इसे भारत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया।

जीनोम डेटा से दुर्लभ और जटिल बीमारियों का पता लगाकर उनका इलाज करना आसान होगा। भारत, जो विविधताओं से भरा देश है अब तक करोड़ों आनुवंशिक विविधताओं की पहचान कर चुका है। इनमें से कई दुर्लभ और नई आनुवंशिक संरचनाएं हैं, जिनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। यह प्रोजेक्ट न केवल भारत की रिसर्च क्षमता को दिखाता है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और गंभीर बीमारियों के इलाज में नई संभावनाएं भी खोलता है।

आगंतुकों: 14921335
आखरी अपडेट: 16th Jan 2025