फ्रांस समेत कई देशों की मौजूदगी में आयोजित एआई समिट के दौरान भारत ने जिम्मेदार एआई अपनाने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि देश ने 24 घंटे में एआई जिम्मेदारी अभियान के लिए सबसे अधिक संकल्प प्राप्त करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाया है।
रिकॉर्ड संख्या में संकल्प
आधिकारिक बयान के अनुसार, 16–17 फरवरी 2026 के बीच 24 घंटे की अवधि में कुल 2,50,946 वैध संकल्प दर्ज किए गए। यह देशव्यापी ‘एआई जिम्मेदारी संकल्प’ अभियान इंडिया एआई मिशन के तहत इंटेल इंडिया के सहयोग से शुरू किया गया था। नागरिकों को पोर्टल के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नैतिक, समावेशी और जिम्मेदार उपयोग का संकल्प लेने के लिए आमंत्रित किया गया।
भारत मंडपम में आधिकारिक पुष्टि
रिकॉर्ड की औपचारिक पुष्टि भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान की गई। इस पहल के तहत प्रतिभागियों को डेटा गोपनीयता, पारदर्शिता, जवाबदेही और गलत सूचना से निपटने जैसे प्रमुख सिद्धांतों पर विचार करने के लिए प्रेरित किया गया। संकल्प पूरा करने वालों को डिजिटल बैज और एआई लर्निंग पाथवे तक पहुंच भी प्रदान की गई।
जिम्मेदार एआई की दिशा में कदम
मंत्री वैष्णव ने कहा कि देश को ऐसे भविष्य की ओर बढ़ना चाहिए, जहां एआई का उपयोग जिम्मेदारी के साथ हो और समाज के हित में तकनीक का विस्तार किया जाए। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार एआई अपनाने के लिए प्रेरित करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।
समावेशी विकास पर वैश्विक चर्चा
समिट में विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन का फोकस समावेशी विकास, मजबूत सार्वजनिक व्यवस्था और सतत प्रगति में एआई की भूमिका पर रहा। (इनपुट: आईएएनएस)


