राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में सोमवार से शुरू हुए ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ को लेकर देश और दुनिया में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि सम्मेलन की तैयारी करीब एक साल से चल रही थी और अब तक ढाई लाख से अधिक लोगों ने इसमें शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है।
समिट की व्यापक अंतरराष्ट्रीय भागीदार
उन्होंने कहा कि 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख, 40 से ज्यादा देशों के मंत्री, 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल, 100 से ज्यादा सीईओ और करीब 500 शिक्षाविद एवं सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञ इसमें भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के तहत कुल 460 समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
‘विकसित भारत’ के लिए एआई जरूरी
एस. कृष्णन ने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को एआई की तकनीकी लहर का नेतृत्व करना होगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नरेंद्र मोदी ने फ्रांस में आयोजित एआई एक्शन समिट के दौरान भारत में इस सम्मेलन के आयोजन की घोषणा की थी।
भारत-जापान एआई साझेदारी की उम्मीद
जापान के अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्रालय के उप निदेशक ताकुमी मियाकावा ने कहा कि जापान में भी एआई को लेकर सरकार गंभीर है और भारत के साथ इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश एआई के क्षेत्र में मजबूत साझेदार बनेंगे।
भारत की वैश्विक भूमिका पर जोर
शशि शेखर वेम्पति ने कहा कि यह भारत के लिए गर्व की बात है कि इतना बड़ा एआई सम्मेलन यहां हो रहा है। उनके अनुसार दुनिया भर के नीति-निर्माता, उद्योग जगत के नेता, स्टार्टअप्स और शोधकर्ता भारत की ओर देख रहे हैं, जो एआई क्षेत्र में देश की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
भारत बनेगा एआई सेवाओं का वैश्विक केंद्र
वेम्पति ने कहा कि जिस तरह भारत इंटरनेट सेवाओं का बड़ा केंद्र बना, उसी तरह अब भारत दुनिया का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रोवाइडर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की डिजिटल पहुंच, युवा प्रतिभा और तकनीकी अपनाने की क्षमता इस दिशा में बड़ी ताकत है।
स्टार्टअप्स और नवाचार के लिए बड़ा मंच
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समिट भारतीय स्टार्टअप्स, युवाओं और निवेशकों के लिए बड़ा अवसर लेकर आया है। सम्मेलन से वैश्विक एआई सहयोग, नवाचार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। (इनपुट: आईएएनएस)


