भारत-ओमान औद्योगिक सहयोग को नई गति, 4.5 मिलियन डॉलर का समझौता

नई दिल्ली स्थित ओमान सल्तनत के दूतावास ने ओमान के डाउनस्ट्रीम एल्युमिनियम क्षेत्र में निवेश संभावनाओं को उजागर करने के लिए एक उच्चस्तरीय निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन लाडायन, ओमान एल्युमिनियम रोलिंग कंपनी (OARC), मदायन और OQ ने ओमान दूतावास के सहयोग से किया।

भारतीय उद्योग जगत की मजबूत भागीदारी

इस कार्यक्रम में भारत के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, व्यापारिक संगठन और रणनीतिक साझेदार शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य ओमान के तेजी से विकसित हो रहे डाउनस्ट्रीम एल्युमिनियम इकोसिस्टम में सहयोग और निवेश के अवसरों को तलाशना था।

भारत-ओमान आर्थिक साझेदारी पर जोर

स्वागत संबोधन में ओमान दूतावास, नई दिल्ली की मंत्री पूर्णाधिकारी एवं उप मिशन प्रमुख ताहरा अल जद्जाली ने भारत और ओमान के बीच मजबूत व निरंतर बढ़ती आर्थिक साझेदारी को रेखांकित किया। उन्होंने ओमान की रणनीतिक स्थिति, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, निवेश अनुकूल नीतियां और ओमान विजन 2040 के तहत औद्योगिक विविधीकरण की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

एल्युमिनियम वैल्यू चेन में व्यापक निवेश अवसर

लाडायन, OARC, मदायन और OQ के प्रतिनिधियों ने ओमान की एल्युमिनियम वैल्यू चेन पर विस्तृत जानकारी दी। इसमें रोलिंग, एक्सट्रूज़न, फैब्रिकेशन, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स, पैकेजिंग, निर्माण सामग्री और अन्य उच्च विकास वाले क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने उच्च गुणवत्ता वाले प्राथमिक एल्युमिनियम की उपलब्धता, प्रतिस्पर्धी ऊर्जा लागत, प्रमुख बंदरगाहों से एकीकृत लॉजिस्टिक्स और आकर्षक निवेश प्रोत्साहनों को प्रमुख विशेषता बताया।

बी2बी संवाद से सहयोग को नई दिशा

फोरम ने सार्थक बी2बी चर्चाओं का मंच प्रदान किया, जिससे भारतीय कंपनियों को ओमानी हितधारकों के साथ सीधे संवाद कर संयुक्त उपक्रम, तकनीकी साझेदारी और दीर्घकालिक आपूर्ति समझौतों की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिला।

सोहार बना प्रमुख औद्योगिक केंद्र

ओमान ने खुद को एल्युमिनियम उत्पादन के क्षेत्रीय केंद्र के रूप में स्थापित किया है, जहां सोहार एक प्रमुख औद्योगिक क्लस्टर के रूप में उभरा है। डाउनस्ट्रीम वैल्यू एडिशन पर जोर भारतीय निर्माताओं के लिए वैश्विक विस्तार, लागत दक्षता और मध्य पूर्व, अफ्रीका, यूरोप तथा अमेरिका के बाजारों तक पहुंच के नए अवसर प्रदान करता है।

4.5 मिलियन डॉलर के निवेश पर एमओयू

कार्यक्रम के समापन पर मल्टी बॉन्ड मेटल एलएलसी और लाडायन के बीच 4.5 मिलियन डॉलर के निवेश से ओमान में 8000 टन क्षमता वाली कॉइल कोटिंग और लैमिनेशन लाइन प्लांट स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता

आयोजन का समापन इंटरैक्टिव नेटवर्किंग सत्रों के साथ हुआ, जिसने भारत और ओमान के बीच औद्योगिक सहयोग को और गहरा करने तथा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश प्रवाह को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

16 mins ago | Abdullah bin Zayed Al Nahyan

जयशंकर और यूएई के विदेश मंत्री अल-नाहयान के बीच द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर आधिकारिक दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे, जहां उन्होंने अपने सम...

2 hours ago | Anita Anand

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद की भारत यात्रा: रिश्ते फिर नई ऊंचाई पर, व्यापार और सुरक्षा पर फोकस

वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत और कनाडा के रिश्ते फिर से नई ऊंचाई छूने लगे हैं। कनाडा की विदेश म...