टी20 वर्ल्ड कप में भारत का जलवा, 10वीं लगातार जीत से रचा इतिहास

भारत ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नामीबिया को 93 रन से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। भारत के अलावा किसी भी देश ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार इतनी जीत हासिल नहीं की है।

रिकॉर्ड की लिस्ट में भारत शीर्ष पर

लगातार जीत के मामले में भारत अब इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गया है। साउथ अफ्रीका ने साल 2024 में लगातार 8 मैच जीते थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2022 से 2024 के बीच इतने ही मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। इंग्लैंड ने 2010 से 2012 के बीच लगातार 7 मैच जीते थे। वहीं, भारतीय टीम भी 2012 से 2014 के बीच लगातार 7 टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले अपने नाम कर चुकी थी।

रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत

यह टी20 वर्ल्ड कप में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत भी है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था। 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 73 रन और 2022 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 71 रन से जीत दर्ज की थी। वहीं, 2024 में इंग्लैंड को 68 रन से मात दी थी।

ईशान-हार्दिक की अर्धशतकीय पारियां

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 61 रन की शानदार पारी खेली, जबकि हार्दिक पंड्या ने 52 रन का योगदान दिया। नामीबिया की ओर से गेरहार्ड इरासमस ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके। बेन शिकोंगो, जेजे स्मट्स और बर्नार्ड शोल्ट्ज को 1-1 सफलता मिली।

नामीबिया 116 रन पर सिमटी

210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। लौरेन स्टीनकैंप ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि जान फ्रीलिंक ने 22 रन जोड़े। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 7 रन देकर 3 विकेट लिए। हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली। अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने भी 1-1 विकेट हासिल किया। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

02/05/26 | 3:26 pm | Ashes injury Mark Wood

जल्दबाजी में वापसी नहीं करना चाहता, एक और चोट करियर खत्म कर सकती है : मार्क वुड

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड इस गर्मी के अंत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का लक्ष्...

09/02/26 | 4:10 pm | Bihar Cricketer Success Story

बिहार से विश्व चैंपियन तक: वैभव सूर्यवंशी की सफलता की कहानी

भारतीय क्रिकेट में जब-जब युवाओं ने विश्व मंच पर कमाल किया है, तब-तब देश की नजरें नई उम्मीदों पर टि...