भारत गल्फूड 2026 में 161 प्रदर्शकों के माध्यम से अपने विविध कृषि-खाद्य इकोसिस्टम का प्रदर्शन करेगा। पहली बार भारत को गल्फूड 2026 में भागीदार देश (पार्टनर कंट्री) का दर्जा मिला है। यह जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को दी।
बढ़ी भागीदारी, दोगुना हुआ भारतीय पवेलियन
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, गल्फूड 2026 में भारत की भागीदारी बीते संस्करणों की तुलना में कहीं अधिक व्यापक है। भारतीय पवेलियन का आकार पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना कर दिया गया है। यह भारतीय कृषि-खाद्य निर्यात के बढ़ते प्रभाव, भारतीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग और निर्यातकों, संस्थानों व स्टार्टअप्स की बढ़ी भागीदारी को दर्शाता है।
जीआई टैग, जैविक और वैल्यू-एडेड उत्पादों पर फोकस
गल्फूड 2026 में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के माध्यम से भारत क्षेत्र-विशिष्ट कृषि उत्पादों, जीआई-टैग वाले उत्पादों, जैविक उत्पादों और वैल्यू-एडेड खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित करेगा।
भारती पवेलियन बना प्रमुख आकर्षण
भारत की भागीदारी का एक प्रमुख आकर्षण भारती पवेलियन है, जो निर्यात के लिए तैयार कृषि-खाद्य और कृषि-तकनीक स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए एपीडा की प्रमुख पहल है। दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के स्टार्टअप जोन में स्थित इस पवेलियन में आठ उच्च-क्षमता वाले भारतीय स्टार्टअप प्रदर्शित किए गए हैं।
100 से अधिक आवेदकों में से हुआ चयन
इन स्टार्टअप्स का चयन 100 से अधिक आवेदनों में से राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया के जरिए किया गया है। ये स्टार्टअप्स एपीडा के ‘विदेश वाले खेत’ जैसे विजन के अनुरूप नवाचारी उत्पादों, प्रौद्योगिकी-आधारित समाधानों और निर्यात-सक्षम प्रस्तुतियों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
लाइव कुकिंग से भारतीय स्वादों की झलक
मंत्रालय ने बताया कि भारतीय पवेलियन में एक विशेष पाक कला क्षेत्र भी बनाया गया है, जहां प्रसिद्ध शेफ भारतीय व्यंजनों का लाइव प्रदर्शन करेंगे। यह अनुभवात्मक क्षेत्र भारत की समृद्ध पाक विरासत, विविध क्षेत्रीय स्वादों और भारतीय सामग्रियों की बहुमुखी प्रतिभा को उजागर करेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की रुचि बढ़ेगी।
दुबई में व्यापक ब्रांडिंग अभियान
एपीडा, गल्फूड 2026 में भागीदार देश के दर्जे के तहत दुबई के प्रमुख स्थानों पर व्यापक ब्रांडिंग और उच्च-प्रभाव वाले प्रचार अभियानों का संचालन कर रहा है। इसमें मेट्रो स्टेशनों पर ब्रांडिंग, बस रैप्स, गैस स्टेशन, पैनल ब्रांडिंग और अन्य हाई-विजिबिलिटी आउटडोर प्रारूप शामिल हैं।
वैश्विक कृषि-खाद्य मूल्य श्रृंखला में भारत की भूमिका मजबूत
मंत्रालय के मुताबिक, इस विस्तारित भागीदारी के जरिए एपीडा का लक्ष्य खरीदार-विक्रेता संबंधों को मजबूत करना, भारतीय ब्रांड को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना, स्टार्टअप्स और निर्यातकों का समर्थन करना और भारत को वैश्विक कृषि-खाद्य मूल्य श्रृंखला में एक विश्वसनीय, नवाचार-संचालित और टिकाऊ खिलाड़ी के रूप में स्थापित करना है। (इनपुट: आईएएनएस)


