प्रतिक्रिया | Wednesday, April 30, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

भारतीय इंजीनियरिंग उत्पादों का निर्यात 2024-25 में बढ़कर रिकॉर्ड 116.7 अरब डॉलर पर पहुंचा

भारत के इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात ने वित्त वर्ष 2024-25 में नया रिकॉर्ड बनाया है। इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान इंजीनियरिंग निर्यात 6.74 प्रतिशत बढ़कर 116.67 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे उच्च स्तर है। इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में इंजीनियरिंग उत्पादों का कुल निर्यात 109.30 अरब डॉलर था, जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 112.10 अरब डॉलर रहा था।

वित्त वर्ष 2024-25 में अमेरिका भारतीय इंजीनियरिंग निर्यात का सबसे बड़ा गंतव्य रहा। अमेरिका को इंजीनियरिंग उत्पादों का निर्यात 8.7 प्रतिशत बढ़कर 19.15 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 17.62 अरब डॉलर था। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सिंगापुर, नेपाल, जापान और फ्रांस जैसे देशों को भी निर्यात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है।

वहीं भारत के कुल व्यापारिक निर्यात में इंजीनियरिंग निर्यात की हिस्सेदारी भी बढ़ गई है। यह हिस्सेदारी 2023-24 के 25.01 प्रतिशत से बढ़कर 2024-25 में 26.67 प्रतिशत हो गई है। ईईपीसी इंडिया के चेयरमैन पंकज चड्ढा ने कहा कि भारतीय इंजीनियरिंग गुड्स का निर्यात 2024-25 में मजबूत रहा। उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत सहित कई व्यापारिक साझेदार देशों पर आयात शुल्क बढ़ाने के फैसले के बावजूद भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा है।

इंजीनियरिंग क्षेत्र के विभिन्न पैनलों का प्रदर्शन भी सकारात्मक रहा। अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के दौरान 34 में से 28 इंजीनियरिंग पैनलों ने सकारात्मक वृद्धि दर्ज की। हालांकि, छह पैनलों जैसे लोहा और इस्पात, तांबा और एल्यूमीनियम उत्पाद, कार्यालय उपकरण, अन्य निर्माण मशीनरी और मिका उत्पादों में गिरावट दर्ज की गई। क्षेत्रवार बात करें तो, वित्त वर्ष 2024-25 में नॉर्थ अमेरिका ने 20.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ भारतीय इंजीनियरिंग निर्यात में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद यूरोपीय संघ (EU) की 17.1 प्रतिशत और पश्चिम एशिया एवं उत्तरी अफ्रीका (WANA) क्षेत्र की 16.7 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।

हालांकि पूरे वर्ष रिकॉर्ड निर्यात दर्ज करने के बावजूद, मार्च 2025 में मासिक आधार पर निर्यात में गिरावट देखी गई। मार्च 2025 में इंजीनियरिंग गुड्स का निर्यात 10.82 अरब डॉलर रहा, जो मार्च 2024 के 11.27 अरब डॉलर के मुकाबले 3.92 प्रतिशत कम है।

आगंतुकों: 24961013
आखरी अपडेट: 30th Apr 2025