भारतीय जिमनास्ट दीपा करमाकर ने रचा इतिहास, एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जिमनास्ट

 

 

दीपा करमाकर ने एशियन जिमनास्‍टिक चैम्‍पियनशिप इतिहास रच दिया है। एशियन चैम्‍पियनशिप में दीपा ने स्‍वर्ण पदक जीत लिया है। उज्‍बेकिस्‍तान के ताशकंद में उन्‍होंने वॉल्‍ट स्‍पर्धा में 13.566 अंक अर्जित किए और पहले स्‍थान पर रहीं। एशियन चैम्‍पियनशिप में स्‍वर्ण पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय जिम्‍नास्‍ट बनीं।

30 वर्षीय दीपा जो क्वालिफिकेशन में 12.650 के साथ आठवें स्थान पर थीं, उन्होंने फाइनल में अपने दो प्रयासों में कुल मिलाकर 13.566 का स्कोर बनाया। उनके बाद दो उत्तर कोरियाई, किम सोन ह्यांग (13.466, 0.100 की पेनल्टी के बाद) और जो क्योंग ब्योल (12.966) थीं।

 

अब तक किसी ने नहीं जीता था गोल्ड
2015 में हिरोशिमा में कांस्य (14.725) के बाद यह दीपा का चैंपियनशिप में दूसरा पदक था। आशीष कुमार (फ्लोर एक्सरसाइज, कांस्य, सूरत, 2006) और प्रणति नायक (वॉल्ट, उलानबटार, 2019 और दोहा, 2022 में कांस्य पदक) अन्य भारतीय हैं, जिन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीते हैं। यह दीपा का उल्लेखनीय प्रदर्शन था, जो चोटों, दो घुटनों की सर्जरी और डोपिंग उल्लंघन के लिए 21 महीने के निलंबन से वापसी कर रही थीं।