आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) एथलीट सुचिका तरियाल ने सोमवार को इतिहास रच दिया। महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किग्रा MMA प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उन्होंने देश को इस खेल में पहला मेडल दिलाया। सिंगापुर की हून टेओ से 2-0 से हार के बावजूद सुचिका ने ब्रॉन्ज पदक अपने नाम किया। इससे पहले रविवार को सेमीफाइनल में जगह बनाकर उन्होंने भारत का पहला मेडल पक्का कर लिया था।
सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन से मेडल सुनिश्चित
रविवार को नागोया में महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा MMA इवेंट के सेमीफाइनल में सुचिका ने अल्तानचिमेग बैगलमा को हराया। बैगलमा दूसरे और आखिरी राउंड में आक्रामक रहीं और मुकाबला पलटने की कोशिश कीं, लेकिन सुचिका का डिफेंस मजबूत बना रहा। जैसे ही बैगलमा ने हमला जारी रखा, सुचिका ने एक अहम रिवर्सल खेला और प्रतिद्वंद्वी को ज़मीन पर गिरा दिया। राउंड के आखिर तक कंट्रोल बनाए रखकर उन्होंने जीत पक्की की और सेमीफाइनल में पहुंच गईं। इस बीच उनके साथी वरुण सान्याल का MMA कैंपेन मेडिकल कारणों से शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया। फिर भी सुचिका ने वैश्विक मंच पर भारतीय MMA का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगा लहराया।
शूटिंग में टीम इंडिया का सिल्वर सिलसिला जारी
सोमवार को एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। शूटिंग में रुद्राक्ष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों की तिकड़ी ने पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। टीम इंडिया ने 1890.1 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि चीन 1899.0 के स्कोर से स्वर्ण पर रहा। ब्रॉन्ज मेडल दक्षिण कोरिया (1841.4) को मिला। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का तीसरा सिल्वर मेडल है, जो तीनों शूटिंग से ही आए हैं।
व्यक्तिगत स्तर पर रुद्राक्ष पाटिल तीसरे और हिमांशु ढिल्लों सातवें स्थान पर रहे तथा पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। पार्थ माने 11वें स्थान पर रहे। सॉफ्ट टेनिस, स्विमिंग और अन्य खेलों में अपडेटसॉफ्ट टेनिस में आध्या तिवारी और जय मीना ने मिक्स्ड डबल्स ग्रुप B में शानदार शुरुआत की। उन्होंने कंबोडिया के विवा चाओ और चनरोसेका खुन को 5-0 से हराया। मंगोलिया के बुड न्यामदोर्ज और एंखखुस्लेन गनबातार पर भी जीत दर्ज की। दक्षिण कोरिया की किम येओन-हवा और जैक्यू पार्क के खिलाफ मुकाबला भी शेड्यूल में था। स्विमिंग में श्रीहरि नटराज पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक फ़ाइनल में पहुंचे, जबकि ऋषभ दास को रिज़र्व चुना गया। मणि आकाश और गीतेश शाह पुरुषों के 50 मीटर फ़्रीस्टाइल फ़ाइनल में जगह नहीं बना सके। धनुष सुरेश भी पुरुषों के 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक फ़ाइनल से चूक गए।
वूशू में न्येमन वांगसू महिलाओं के चांगक्वान फ़ाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। टेबल टेनिस में भारत ने महिलाओं की टीम के ग्रुप F मैच में पाकिस्तान को 3-0 से हराया।एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ी विभिन्न खेलों में मेडल की होड़ में लगे हुए हैं। सुचिका तरियाल की उपलब्धि MMA के लिए मील का पत्थर साबित हुई है। (इनपुट-एजेंसी)


