Print

वैश्विक संकेतों से भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 600 अंक उछला

भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ खुले। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 627 अंक यानी 0.83 प्रतिशत उछलकर 75,945 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी 50 भी 200 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,859 पर कारोबार करता दिखा।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत चढ़ा, जबकि सीमेंट, केमिकल, ऑटो और मीडिया शेयरों में भी खरीदारी रही। पीएसयू बैंक और मेटल सेक्टर के शेयर भी हरे निशान में कारोबार करते दिखे।

हालांकि इंफोसिस, नेस्ले इंडिया, ट्रेंट, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और ओएनजीसी शुरुआती कारोबार में दबाव में रहे।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने भी बाजार को मजबूती दी। निफ्टी माइक्रोकैप 250 इंडेक्स में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 500 और निफ्टी मिडकैप 150 इंडेक्स भी करीब 1 प्रतिशत तक चढ़े।

बाजार में उतार-चढ़ाव मापने वाला इंडिया वीआईएक्स 4 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर करीब 18 पर आ गया, जिससे निवेशकों की चिंता कम होती दिखी।

वैश्विक स्तर पर भी बाजारों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। जापान का निक्केई 3 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 7 प्रतिशत से अधिक उछला। अमेरिकी बाजारों में भी पिछला कारोबारी सत्र मजबूती के साथ बंद हुआ।

(इनपुट-आईएएनएस)