प्रतिक्रिया | Monday, July 08, 2024

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अस्ताना में चीन के विदेशमंत्री से की मुलाकात

भारत के विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में चीन के विदेशमंत्री वांग यी से मुलाकात की। जयशंकर अस्ताना में शंघाई सहयोग संगठन के दो दिवसीय समिट में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। विदेशमंत्री जयशंकर इस समिट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आज (गुरुवार) SCO शिखर सम्मेलन 2024 के दौरान चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

अस्ताना में तीन जुलाई से शुरू शंघाई सहयोग संगठन की यह 24वीं बैठक है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ भी पहुंचे हैं। वर्ष 2023 में भारत ने एससीओ शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी। इस वर्ष कजाकिस्तान समूह के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। 2001 में बना शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन एक राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा ग्रुप है। इस समय चीन, रूस, भारत, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान,ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान इसके सदस्य हैं

इससे पहले भारत के विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में बयान जारी कर बताया कि भारत का जोर सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, सहयोग, संपर्क, एकता, संप्रभुता का सम्मान, क्षेत्रीय एकता और पर्यावरण सुरक्षा पर है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 4528939
आखरी अपडेट: 8th Jul 2024