अगस्त 2025 में भारत का औद्योगिक उत्पादन 4 फीसदी बढ़ा, खनन और निर्माण क्षेत्र में मजबूत वृद्धि

भारत का औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) अगस्त 2025 में 4.0% की साल-दर-साल वृद्धि दर्ज की है, जिसमें खनन और कुछ प्रमुख निर्माण क्षेत्रों ने अहम योगदान दिया। खनन क्षेत्र में 6% की वृद्धि हुई, जबकि निर्माण और बिजली क्षेत्र में क्रमशः 3.8% और 4.1% की बढ़ोतरी हुई। वहीं अगस्त 2025 के लिए IIP का क्विक अनुमान 151.7 रहा, जो अगस्त 2024 के 145.8 के मुकाबले अधिक है।

निर्माण क्षेत्र में, “मूल धातुओं का निर्माण” 12.2% की मजबूत वृद्धि दर्ज की, “मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर का निर्माण” 9.8% बढ़ा, और “कोक और पेट्रोलियम उत्पादों का निर्माण” 5.4% बढ़ा। मूल धातुओं में प्रमुख योगदान देने वाले उत्पाद- MS स्लैब, HR कॉइल और माइल्ड स्टील की शीट, और स्टील पाइप और ट्यूब शामिल हैं। वहीं मोटर वाहनों में ऑटो कंपोनेंट्स, एक्सल और कमर्शियल वाहन मुख्य योगदानकर्ता रहे। पेट्रोलियम उत्पादों में डीजल, पेट्रोल और LPG ने वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कुल मिलाकर, निर्माण क्षेत्र की 23 उद्योग समूहों में से 10 ने अगस्त 2025 में अगस्त 2024 की तुलना में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की।

अगस्त 2025 के लिए क्षेत्रवार IIP इंडेक्स इस प्रकार रहे : खनन 113.5, निर्माण 151.6 और बिजली 221.1। सामान्य इंडेक्स 151.7 रहा। जुलाई 2025 का क्विक अनुमान 156.2 पर संशोधित किया गया है, जिसमें स्रोत एजेंसियों से प्राप्त अद्यतन आंकड़े शामिल हैं। उपयोग-आधारित वर्गीकरण के मुताबिक, अगस्त 2025 के लिए सूचकांक इस प्रकार रहे : प्राथमिक वस्तुएं 148.9, पूंजीगत वस्तुएं 112.1, मध्यवर्ती वस्तुएं 170.4, बुनियादी ढांचा/निर्माण वस्तुएं 200.8, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं 134.4 और उपभोक्ता गैर-टिकाऊ वस्तुएं 132.8।

वहीं अगस्त 2024 के मुकाबले वृद्धि दरें : प्राथमिक वस्तुएं 5.2%, पूंजीगत वस्तुएं 4.4%, मध्यवर्ती वस्तुएं 5.0%, बुनियादी ढांचा/निर्माण वस्तुएं 10.6%, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं 3.5%, जबकि उपभोक्ता गैर-टिकाऊ वस्तुओं में 6.3% की गिरावट दर्ज हुई। अगस्त 2025 में IIP की वृद्धि में प्रमुख योगदान देने वाले क्षेत्र : प्राथमिक वस्तुएं, बुनियादी ढांचा/निर्माण वस्तुएं और मध्यवर्ती वस्तुएं रहीं।

संशोधित कैलेंडर के मुताबिक , IIP के क्विक अनुमान अब प्रत्येक महीने की 28 तारीख को (या 28 को अवकाश होने पर अगले कार्य दिवस पर) जारी किए जाएंगे। ये अनुमान स्रोत एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित होते हैं और IIP की संशोधन नीति के अनुसार भविष्य में संशोधित किए जा सकते हैं। अगस्त 2025 के लिए IIP का अगला आंकड़ा 28 अक्टूबर 2025 को जारी किया जाएगा। विस्तृत क्षेत्रवार और उपयोग-आधारित डेटा, साथ ही 2-डिजिट NIC-स्तरीय उद्योग सूचकांक, मंत्रालय की वेबसाइट [https://mospi.gov.in/iip](https://mospi.gov.in/iip) और [https://esankhyiki.mospi.gov.in/](https://esankhyiki.mospi.gov.in/) पर उपलब्ध हैं।