देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने सोमवार को कोलकाता-शंघाई के बीच दैनिक नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू करने का ऐलान किया है। इससे भारत और चीन के बीच एयर कनेक्टिविटी में सुधार होगा। एयरलाइन ने कहा कि यह नया मार्ग उसके अंतरराष्ट्रीय विस्तार में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और कोलकाता एवं दिल्ली से ग्वांगझू के लिए हाल ही में फिर से शुरू हुई उड़ानों पर आधारित है।
कोलकाता-शंघाई सेवा एयरबस ए320नियो विमान द्वारा संचालित की जा रही है। शंघाई मार्ग को शामिल करने के साथ, इंडिगो ने कहा कि वह व्यावसायिक और अवकाश यात्रियों दोनों के लिए यात्रा विकल्पों का विस्तार कर रहा है, साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन की बढ़ती मांग को पूरा कर रहा है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे, जयपुर और भुवनेश्वर जैसे शहरों के यात्री कोलकाता के रास्ते शंघाई के लिए उड़ान भर सकेंगे।
इंडिगो के ग्लोबल सेल्स हेड विनय मल्होत्रा ने कहा कि यह नया रूट भारत और चीन के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा और व्यापारिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। उन्होंने आगे बताया कि इंडिगो अब मुख्य भूमि चीन के लिए प्रति सप्ताह 21 उड़ानें संचालित करती है, जिनमें दिल्ली और कोलकाता से ग्वांगझू के लिए उड़ानें भी शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, फ्लाइट 6ई 1709 कोलकाता से रात 9:45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 4:40 बजे शंघाई पहुंचेगी, जबकि वापसी की फ्लाइट 6ई 1710 शंघाई से सुबह 5:40 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 9:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। (इनपुट-आईएएनएस)


