प्रतिक्रिया | Saturday, April 19, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

देश के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो

भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह आज रविवार को कर्तव्य पथ पर आयोजित होगा जिसमें भारत और इंडोनेशिया के पुराने और गहरे संबंधों का जश्न मनाया जाएगा। गौरतलब है कि 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में भी इंडोनेशिया के तत्कालीन राष्ट्रपति सुकर्णो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

राष्ट्रपति प्रबोवो अपनी पहली भारत यात्रा पर हैं और भारत के गणतंत्र दिवस में शामिल होने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति हैं। इस बार परेड में इंडोनेशिया का 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दल भी हिस्सा लेगा। यह पहली बार होगा जब इंडोनेशिया का कोई दल किसी विदेशी राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लेगा।

भारत और इंडोनेशिया करीबी समुद्री पड़ोसी हैं और उनके सांस्कृतिक व व्यापारिक संबंध एक हजार साल से भी पुराने हैं। इन ऐतिहासिक संबंधों का एक उदाहरण वार्षिक बाली यात्रा उत्सव है। आर्थिक रूप से भी दोनों देशों के संबंध मजबूत हैं। 2023-24 में भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार 29.40 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। भारत ने इंडोनेशिया में 1.56 अरब डॉलर का निवेश किया है जो बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, कपड़ा, इस्पात, ऑटोमोबाइल, खनन, बैंकिंग और उपभोक्ता वस्तुओं जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इंडोनेशिया हाल ही में ब्रिक्स समूह का सदस्य बना है और उसने इस फोरम में शामिल होने के लिए भारत के समर्थन की सराहना की है। इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति सुबियांतो के बीच हैदराबाद हाउस, दिल्ली में बैठक हुई। दोनों नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, समुद्री क्षेत्र, आर्थिक संबंध और जनता से जनता के जुड़ाव जैसे क्षेत्रों में भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

राष्ट्रपति सुबियांतो की इस यात्रा के दौरान स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में पांच समझौतों पर हस्ताक्षर और नवीनीकरण हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को राष्ट्रपति सुबियांतो के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में एक विशेष रात्रिभोज आयोजित किया। उन्होंने राष्ट्रपति सुबियांतो का गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया और याद दिलाया कि 75 साल पहले भारत के पहले गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुकर्णो मुख्य अतिथि थे।

आगंतुकों: 23778931
आखरी अपडेट: 19th Apr 2025