22/11/23 | 2:12 pm

Print

INS इंफाल से ब्रह्मोस फायरिंग का पहला परीक्षण, पूर्वोत्तर के शहर के नाम पर रखा गया है जहाज का नाम

भारतीय नौसेना की स्वदेशी मिसाइल विध्वंसक INS इंफाल ने समुद्र में अपनी पहली ब्रह्मोस फायरिंग में 'बुल्स आई' स्कोर किया। यह पहला मौका है जब नौसेना ने किसी जहाज के चालू होने से पहले उससे विस्तारित रेंज वाली ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण किया है। परीक्षण के दौरान जहाज की लड़ाकू तत्परता के साथ भारत की बढ़ती जहाज निर्माण क्षमता, स्वदेशी हथियारों और प्लेटफार्मों की विश्वसनीयता परखने पर फोकस किया गया।

 

मिसाइल ने 90 डिग्री का टर्न लेकर क्षमता का किया प्रदर्शन 

नौसेना के मुताबिक कमीशनिंग से पहले किसी युद्धपोत से विस्तारित रेंज वाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का यह पहला परीक्षण है, जो युद्ध की तैयारी पर भारतीय नौसेना के अटूट फोकस, आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती जहाज निर्माण क्षमता को रेखांकित करता है। ब्रह्मोस मिसाइल ने 90 डिग्री का टर्न लेकर अपनी क्षमता का अपेक्षित प्रदर्शन किया। यह जहाज इसी साल 20 अक्टूबर को भारतीय नौसेना को मुंबई के मझगांव शिपबिल्डर्स ने सौंपा था।प्रोजेक्ट-15 बी क्लास स्टील्थ गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर का चार जहाजों में से यह तीसरा युद्धपोत है। इसे जल्द ही नौसैनिक बेड़े में शामिल करने से भारत की समुद्री ताकत बढ़ेगी।

 

 नौसेना का पहला जहाज, जिसका नाम पूर्वोत्तर के एक शहर के नाम पर

बता दें कि प्रोजेक्ट 15बी के तहत तैयार किया गया तीसरा जंगी जहाज INS  इंफाल पहली बार इसी साल 28 अप्रैल को समुद्री परीक्षण के लिए पहली बार रवाना किया गया था। विशाखापत्तनम श्रेणी के स्टील्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक के तीसरे जहाज आईएनएस इंफाल का निर्माण मझगांव डॉक लिमिटेड (एमडीएल) में किया गया है। जहाज के निर्माण की आधारशिला 19 मई, 2017 को रखी गई थी। यह भारतीय नौसेना का पहला जहाज है, जिसका नाम पूर्वोत्तर भारत के एक शहर के नाम पर रखा गया है।

 INS इंफाल सबसे बड़ा और सबसे उन्नत विध्वंसक युद्धपोत 
नौसेना के मुताबिक राडार से बचने में सक्षम युद्धपोत इंफाल को कई विशिष्ट तकनीकों तथा उच्च स्वदेशी सामग्री से लैस किया गया है। इसे नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने इन-हाउस डिजाइन किया है। इंफाल को अब तक का सबसे बड़ा और सबसे उन्नत विध्वंसक युद्धपोत होने का अनूठा गौरव प्राप्त होगा। युद्धपोत इंफाल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से उत्तर-पूर्वी क्षेत्र और मणिपुर राज्य के लिए महत्वपूर्ण होगा।

RELATED ARTICLES

2 mins ago | 1. Famous Shakti Peeth Temples in India

शक्तिपीठों का महात्म्य : सनातन आस्था, शक्ति-साधना और भारतीय संस्कृति की अमर परंपरा

जब-जब सृष्टि में प्रेम, विरह और लोक कल्याण की गाथा रची गई, तब-तब सनातन परंपरा ने उसे अपनी आध्यात्म...