राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के व्यस्ततम इलाके कनॉट प्लेस में सुरक्षा को देखते हुए गुरुवार को बड़ा एहतियाती कदम उठाया गया है। प्रशासन के निर्देश पर कनॉट प्लेस की सभी दुकानें, कार्यालय, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और रेस्तरां आज गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने इस संबंध में अत्यावश्यक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है।
एडवाइजरी के मुख्य बिंदु:
– 23 जुलाई को कनॉट प्लेस क्षेत्र में सभी दुकानें, ऑफिस और रेस्तरां शाम 6:30 बजे तक अनिवार्य रूप से बंद रहेंगे।
– व्यापारियों और प्रतिष्ठान मालिकों से प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने और पूरा सहयोग देने की अपील की गई है।
– उद्देश्य: किसी भी अप्रिय घटना को रोकना, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संपत्ति व जनहानि से बचना।
हालांकि, प्रशासन ने अभी तक स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया है कि किस विशेष स्थिति के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
यह फैसला जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र प्रदर्शन के मद्देनजर लिया गया माना जा रहा है। बता दें कि सीपी के पास जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। जहां 20 जुलाई को संसद चलो मार्च के दौरान हिंसा भी हुई थी, जिसके बाद हालात बिगड़ गए थे, लेकिन फिलहाल स्थिति शांत है और पुलिस-प्रशासन किसी भी अनहोनी को टालने के लिए सभी एहतियाती कदम उठा रही है। दिल्ली पुलिस और प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट है। लोगों से शांति बनाए रखने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। (इनपुट-एजेंसी)


