प्रतिक्रिया | Monday, July 08, 2024

International Yoga Day: दुनियाभर में मनाया जाएगा 10वां योग दिवस, जोरों पर है तैयारी

 

 

सभी देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 10वें संस्करण की तैयारी चल रही है। भारत में भी आयुष मंत्रालय के तहत अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान योग दिवस के लिए तैयारी कर रहा है। योग ने सिर्फ शरीर को बल्कि मंन को भी शांति और एकाग्रचित करता है। योग के अभ्यास से शांतिपूर्ण मन से व्यक्ति को समाज कल्याण के लिए एक बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलती है। इस बार 10वीं बार योग दिवस मनाया जाएगा। ऐसे में भारत में अब तक के योग कार्यक्रमों पर आइए एक नजर डालते हैं।

पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को पूरे विश्व में धूमधाम से मनाया गया। इस दिन करोड़ों लोगों ने योग किया, जो कि एक रिकॉर्ड था। पीएम मोदी के नेतृत्व में करीब 35 हजार से अधिक लोगों और 84 देशों के प्रतिनिधियों ने दिल्ली के राजपथ पर योग के 21 आसन किए थे। न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वॉयर पर करीब 30 हजार लोगों ने एक साथ योग किया था। इस आयोजन ने भारत को दो गिनीज विश्व रिकॉर्ड दिलाए – एक दुनिया का सबसे बड़ा योग एकसाथ करने का जिसमें 35,985 लोगों ने एक साथ किया और दूसरा 84 देशों के नेताओं की एक साथ भागीदारी के लिए। पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम थी- सद्भाव और शांति के लिए योग।

दूसरा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
भारत में दूसरा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2016 का मुख्य आयोजन चंडीगढ़ में हुआ, जिसमें करीब 35 हजार लोग शामिल हुए। इस आयोजन का नेतृत्व भी पीएम मोदी ने ही किया था। इस योग दिवस में 170 देशों ने हिस्सा लिया। दूसरे योग दिवस की थीम थी- युवाओं को जोड़ें।

तीसरा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
तीसरा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2017 का मुख्य आयोजन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में किया गया, जहां प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 55 हजार लोगों ने हिस्सा लिया, वहीं न्यूयार्क के सेंट्रल पार्क में भी हजारों लोगों ने एक साथ योग किया। तीसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम थी- स्वास्थ्य के लिए योग।

चौथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2018 का मुख्य कार्यक्रम उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान में आयोजित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री मोदी के साथ करीब 50 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन की खास बात यह थी कि इसमें सऊदी अरब भी शामिल हुआ। चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम शांति के लिए योग थी।

पांचवा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
देश में पांचवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2019 का मुख्य कार्यक्रम झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हुए थे। इस वर्ष की थीम थी- योगा फॉर क्लाइमेट एक्शन।

छठा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
कोरोना वैश्विक महामारी के मद्देनजर 21 जून, 2020 को छठा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस वर्चुअल माध्यम से मनाया गया। इसकी थीम थी- योगा फॉर हेल्थ – योगा एट होम।

सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2021 की केंद्रीय थीम ‘योग के साथ रहें, घर पर रहें’ थी। 2021 में भी योग दिवस कोविड नियमों का पालन करते हुए आभासी मंच पर ही मनाया गया था।

आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
2022 में आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मैसूर में मनाया गया। जहं पीएम मोदी ने हजारों लोगों के साथ योग किया। इसके अलावा देश के सभी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों पर योग दिवस का आयोजन किया गया। इस बार योग दिवस पर Guardian Ring – एक बड़ा ही अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका अर्थ है कि Movement of Sun को celebrate किया गया, यानि, धरती के अलग-अलग हिस्सों में जैसे-जैसे सूर्योदय हो रहा था, योग के जरिये उसका स्वागत किया जा रहा था। अलग-अलग देशों में भारतीय मिशन वहां के लोकल टाइम के मुताबिक सूर्योदय के समय योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नौंवा योग दिवस
2023 में नौवे योग दिवस पर पीएम मोदी ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। न्यूयॉर्क में 21 जून को हुए नौवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 180 से अधिक देशों के लोगों ने हिस्सा लिया। गौरतलब हो कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ही ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ की घोषणा वर्ष 2014 में की गई थी।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 4532448
आखरी अपडेट: 8th Jul 2024