केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को चीन के हांगझोऊ में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली ईशा सिंह और कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर को बधाई दी। मांडविया ने दोनों निशानेबाजों की उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
एक्स पर दी शुभकामनाएं
मांडविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत पोडियम पर। ईशा सिंह और मनु भाकर को हांगझोऊ में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप की विमेंस 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने पर बधाई। पूरे देश को आप दोनों पर गर्व है।”
ईशा ने जीता स्वर्ण, मनु ने कांस्य
ईशा सिंह ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और इस सत्र में अपनी बेहतरीन फॉर्म को बरकरार रखा। वहीं, पेरिस ओलंपिक 2024 की दोहरी कांस्य पदक विजेता मनु भाकर ने कड़े मुकाबले में कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफा किया।
क्वालीफिकेशन से ही दिखाया दम
भारतीय जोड़ी ने क्वालीफिकेशन राउंड में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और उसी लय को फाइनल तक कायम रखा। मनु भाकर शीर्ष स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचीं, जबकि ईशा सिंह दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई हुईं और निर्णायक मुकाबले में स्वर्ण पदक जीत लिया।
ईशा सिंह का शानदार सत्र जारी
21 वर्षीय ईशा सिंह के लिए यह एक और बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने सत्र की शुरुआत में म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों के विश्व रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा था।
एशियन गेम्स 2026 से बढ़ीं उम्मीदें
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद एक बार फिर बड़े मंच पर अपनी निरंतरता साबित की है। ईशा सिंह और मनु भाकर की यह दोहरी सफलता अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में भारत के बढ़ते दबदबे को दर्शाती है। दोनों से एशियन गेम्स 2026 में भी देश को पदक की उम्मीद रहेगी। (इनपुट: आईएएनएस)


