जे.पी. नड्डा ने शुरू किया सतर्कता जागरूकता सप्ताह, बोले– ईमानदारी बने संस्थागत आदत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने सोमवार को ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025’ की शुरुआत करते हुए कहा कि सतर्कता केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि एक संस्थागत आदत (institutional habit) होनी चाहिए।

यह सप्ताह देशभर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मनाया जा रहा है, जिसका विषय है – “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी”।

इस अभियान का उद्देश्य जनजीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना और भ्रष्टाचार तथा अनैतिक प्रथाओं के खिलाफ सामूहिक रूप से लड़ना है। यह कार्यक्रम केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है।

नड्डा ने कहा कि शासन के हर स्तर पर नैतिक मूल्यों को संस्थागत रूप देना जरूरी है। उन्होंने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ईमानदारी की शपथ (Integrity Pledge) भी ली।

उन्होंने सुझाव दिया कि “एक सरल भाषा में ‘क्या करें और क्या न करें’ की चेकलिस्ट तैयार की जानी चाहिए, ताकि लोग अज्ञानता या सहानुभूति में कोई गलती न करें।”

मंत्री ने यह भी कहा कि प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को नियमित प्रक्रिया बनाना चाहिए, जिससे सभी सतर्क और जागरूक रहें।

‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ हर साल अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और नैतिक आचरण के महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

इससे पहले केंद्रीय सतर्कता आयोग ने अगस्त में सभी संस्थानों को 18 अगस्त से 17 नवंबर तक ‘प्रिवेंटिव विजिलेंस कैंपेन’ चलाने की सलाह दी थी, जो पाँच प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित था –

लंबित शिकायतों का निपटान

लंबित मामलों का निपटान

क्षमता निर्माण कार्यक्रम

संपत्ति प्रबंधन

डिजिटल पहल

स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने शपथ समारोह में भाग लेते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

-(इनपुटःएजेंसी)