प्रतिक्रिया | Saturday, September 07, 2024

झारखंड के राज्यपाल को मिला तेलंगाना और पुदुचेरी का अतिरिक्त प्रभार

तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने 18 मार्च को तेलंगाना के राज्यपाल पद के साथ-साथ पुडुचेरी की उपराज्यपाल पद से भी इस्तीफा दिया। इसके बाद आज नए राज्यपाल के नाम की घोषणा कर दी गई है। दरअसल, झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को तेलंगाना राज्य और केन्द्र शासित पुदुचेरी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

झारखंड के राज्यपाल को अतिरिक्त प्रभार
राष्ट्रपति भवन ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसमें यह भी कहा गया है कि राष्ट्रपति नियमित व्यवस्था होने तक अपने कर्तव्यों के अलावा तेलंगाना के राज्यपाल और केन्द्र शासित पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को नियुक्त किया है।

तमिलिसाई सौंदर्यराजन लड़ सकती हैं चुनाव
तमिलिसाई सौंदर्यराजन साल 2019 तक तमिलनाडु भाजपा की प्रमुख रहीं थी। इसके बाद उन्हें तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। किरण बेदी को हटाए जाने के बाद तमिलिसाई सौंदर्यराजन को पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। वहीं अब संभावना जताई जा रही है कि तमिलिसाई, तमिलनाडु या पुडुचेरी से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
सीपी राधाकृष्णन 2023 से झारखण्ड के 10वें और वर्तमान राज्यपाल हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के सदस्य थे और वह कोयंबटूर लोकसभा क्षेत्र से दो बार सांसद रह चुके हैं।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7714459
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024