जेपी नड्डा करेंगे 10वें राष्ट्रीय स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन का उद्घाटन

देश में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा
30 अप्रैल को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों में अच्छे एवं पुनरुत्पादित किए जा सकने वाले प्रथाओं और नवाचारों पर 10वें राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन का आयोजन 30 अप्रैल से 1 मई 2026 तक स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में हरिया के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहेंगी।

इस राष्ट्रीय मंच पर देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य), मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के वरिष्ठ अधिकारी और नीति-निर्माता भाग लेंगे। साथ ही National Health Systems Resource Centre और क्षेत्रीय संसाधन केंद्र-पूर्वोत्तर के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल होंगे।

यह शिखर सम्मेलन स्वास्थ्य मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा अपनाई गई नवाचारी और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदर्शित करना, उन्हें मान्यता देना और उनके दस्तावेजीकरण के माध्यम से पूरे देश में दोहराने योग्य मॉडल तैयार करना है। यह मंच विभिन्न राज्यों के बीच अनुभव साझा करने और सफल मॉडलों को अन्य क्षेत्रों में लागू करने के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य सेवा वितरण और तकनीकी क्षेत्रों में ऐसे नवाचारों को प्रस्तुत किया जाएगा, जिन्होंने स्वास्थ्य परिणामों में ठोस सुधार लाया है। इन पहलों का उद्देश्य न केवल सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना है, बल्कि आम लोगों तक सुलभ, किफायती और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी है।

साल 2013 में शुरू हुई इस पहल ने अब तक देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक मंच पर लाकर सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और अनुभव साझा करने का अवसर दिया है। इससे पहले इस शिखर सम्मेलन का 9वां संस्करण 2025 में पुरी में आयोजित किया गया था।

इस बार का आयोजन देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नवाचार और सहयोग की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो सभी के लिए बेहतर स्वास्थ्य के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।