Print

बंगाल चुनाव के बीच कोलकाता में बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच बुधवार को मौसम विभाग ने कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। मतदान के दौरान मौसम में बदलाव की आशंका के चलते प्रशासन सतर्क है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल और कोलकाता में दिन के दौरान आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में लगातार गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ( RMC कोलकाता) की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण बुधवार से अगले कुछ दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर बंगाल के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं के प्रवेश के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है, जिससे दोपहर बाद आंधी-तूफान की संभावना अधिक हो गई है।

राज्य में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर 3 बजे के बाद कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना और बढ़ जाएगी।

जिन जिलों में मौसम का यह असर देखने को मिल सकता है, उनमें कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व बर्धमान, नदिया, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं। खासकर पूर्व बर्धमान और आसपास के इलाकों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

इस बीच, उमस भरी गर्मी के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 33.09 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। आर्द्रता का स्तर 70 से 85 प्रतिशत के बीच रहा।

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए प्रशासन और चुनाव आयोग ने आवश्यक तैयारियां की हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया पर किसी तरह का असर न पड़े।

(इनपुट- आईएएनएस)