कोलकाता को मिलेगा विकास का तोहफ़ा: पीएम मोदी 22 अगस्‍त को करेंगे 3 मेट्रो मार्गों का शुभारंभ, कोना एक्सप्रेसवे का शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को कोलकाता पहुंचकर राज्य को तीन नये मेट्रो रूट सहित 5,200 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री शहरी कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने वाले कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे 13.62 किलोमीटर लंबे तीन नए मेट्रो खंडों का शुभारंभ करेंगे तथा 7.2 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले कोना एक्सप्रेसवे का भी शिलान्यास करेंगे।

अब सियालदह और एस्प्लेनेड के बीच यात्रा समय लगभग 40 मिनट से घटकर केवल 11 मिनट रह जाएगा

प्रधानमंत्री सबसे पहले जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन पहुंचेगे, जहां से वे नोआपाड़ा जय हिन्द विमान बंदर (यलो लाइन) खंड का उद्घाटन करेंगे और स्वयं मेट्रो यात्रा कर जय हिन्द विमान बंदर स्टेशन तक जाएंगे। इसके साथ ही वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सियालदह-एस्प्लेनेड (ग्रीन लाइन) तथा हेमंत मुखोपाध्‍याय -बेलेघाटा-(ऑरेंज लाइन) खंडों का भी शुभारंभ करेंगे। इन मार्गों से सियालदह और एस्प्लेनेड के बीच यात्रा समय लगभग 40 मिनट से घटकर केवल 11 मिनट रह जाएगा, जबकि हवाई अड्डे तक पहुंचने की सुविधा में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पश्चिम बंगाल में इस समय ₹83,765 करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी आमंत्रित किया है। वैष्णव ने बताया कि पश्चिम बंगाल में इस समय ₹83,765 करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें से ₹13,955 करोड़ की राशि इस वर्ष के बजट में स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त राज्य में 101 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है तथा 9 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनें पहले से परिचालन में हैं।

प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर हावड़ा मेट्रो स्टेशन पर नवनिर्मित सब-वे का उद्घाटन करेंगे और कोना एक्सप्रेसवे परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर हावड़ा मेट्रो स्टेशन पर नवनिर्मित सब-वे का उद्घाटन करेंगे और कोना एक्सप्रेसवे परियोजना का शिलान्यास भी करेंगे। लगभग ₹1,200 करोड़ की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे हावड़ा, आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों और कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा तथा व्यापार, पर्यटन और आवागमन को नई गति देगा। इन नई मेट्रो सेवाओं से आईटी हब सेक्टर-5, हावड़ा और सियालदह जैसे प्रमुख केंद्रों की पहुंच बेहतर होगी और प्रतिदिन लाखों यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और बहु-माध्यमिक परिवहन का लाभ मिलेगा।

-(लेखिका आशिका सिंह का पत्रकारिता जगत में 18 वर्षों का अनुभव है, वर्तमान में वे प्रसार भारती न्यूज सर्विस के साथ जुड़ी हैं)