Print

कोटा डोरिया को मिलेगी नई पहचान, एरी सिल्क के साथ तैयार होगा प्रीमियम फैब्रिक

राजस्थान की पारंपरिक कोटा डोरिया और पूर्वोत्तर भारत की प्रसिद्ध एरी सिल्क को मिलाकर एक नया प्रीमियम फैब्रिक विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू की गई है। इस पहल से देश की दो समृद्ध हथकरघा परंपराओं को नई पहचान मिलने के साथ ही बुनकरों और कारीगरों के लिए नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिला प्रतिनिधिमंडल

इस संबंध में केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (DoNER) के सचिव संजय जाजू ने फैशन डिजाइनरों और बुनकरों के प्रतिनिधिमंडल के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। ओम बिरला ने कहा कि कोटा डोरिया केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि हाड़ौती क्षेत्र की पहचान और बुनकरों की मेहनत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इसे पूर्वोत्तर की एरी सिल्क के साथ जोड़कर तैयार किया जाने वाला नया फैब्रिक देश की दो समृद्ध हथकरघा परंपराओं को नई पहचान देगा।

पीएम मोदी के ‘5F विजन’ से जुड़ी पहल

ओम बिरला ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘5F विजन’- फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैब्रिक, फैब्रिक टू फैशन और फैशन टू फॉरेन – के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि इस पहल से राजस्थान और पूर्वोत्तर क्षेत्र के बुनकरों एवं कारीगरों के लिए नए अवसर खुलेंगे और भारतीय हथकरघा उत्पादों को वैश्विक बाजार में अलग पहचान मिलेगी।

फैशन डिजाइनरों ने दिए सुझाव

कोटा के फैशन डिजाइनरों ने प्रस्तावित टेक्सटाइल फ्यूजन को लेकर अपने सुझाव साझा किए। प्रतिनिधिमंडल ने कोटा डोरिया की पारंपरिक बुनाई प्रक्रिया का अवलोकन किया और इसे एरी सिल्क के साथ जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा की।

कैथून के कॉमन फैसिलिटी सेंटर का दौरा

इससे पहले संजय जाजू ने कैथून स्थित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) का दौरा किया। उनके साथ जिला कलेक्टर पीयूष समारिया और नॉर्थ ईस्टर्न हैंडीक्राफ्ट्स एंड हैंडलूम डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NEHHDC) की प्रतिनिधि मारा कोचो भी मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने कोटा डोरिया की पारंपरिक बुनाई प्रक्रिया को करीब से देखा और एरी सिल्क के साथ इसके संयोजन की संभावनाओं पर चर्चा की।

जल्द होगा एमओयू

इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए NEHHDC और राजस्थान सरकार के जिला उद्योग केंद्र (DIC) के बीच जल्द ही एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाने की तैयारी चल रही है।

देश और विदेश के प्रीमियम बाजारों पर रहेगा फोकस

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रस्तावित योजना के तहत ऐसा अनूठा फैब्रिक विकसित किया जाएगा, जिसमें एरी सिल्क की मुलायम बनावट और कोटा डोरिया की हल्की एवं पारदर्शी बुनाई का संगम होगा। उन्होंने कहा कि इस फैब्रिक को देश और विदेश के प्रीमियम बाजारों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।