‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) के सदस्य देशों अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेताओं की बैठक मंगलवार को फिलीपीन की राजधानी मनीला में दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) के शिखर सम्मेलन से इतर होगी। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची शामिल होंगे। क्वाड नेताओं की पिछली बैठक 21 सितंबर, 2024 को अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी, जिसकी अध्यक्षता अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन ने की थी।
अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स ने वाशिंगटन में कहा, ‘‘राष्ट्रपति (ट्रंप) मंगलवार शाम मनीला में क्वाड नेताओं के साथ एक बहुपक्षीय बैठक में भाग लेंगे। इस दौरान हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर चर्चा की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में क्वाड (QUAD) ने यह साबित किया है कि वह ठोस कार्रवाई करने वाला साझेदारी समूह है, जो क्षेत्र की सबसे कठिन चुनौतियों से निपटने और एक स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रहा है।
क्वाड का गठन 2007 में किया गया था। क्वाड में चार देश शामिल हैं – भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और संयुक्त राज्य अमेरिका। राष्ट्रपति ट्रंप ने 2017 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते आर्थिक, कूटनीतिक और सैन्य प्रभाव को लेकर चिंताओं के मद्देनजर इस समूह को फिर सक्रिय किया। हालांकि, उनके कार्यकाल में क्वाड नेताओं का कोई शिखर सम्मेलन नहीं हुआ।
मनीला में होने वाली बैठक अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल के दौरान क्वाड नेताओं की पहली बैठक होगी। ट्रंप के 20 जनवरी, 2025 को दूसरी बार राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बार बैठक हो चुकी है।
पिछले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया था कि क्वाड देशों के नेताओं की बैठक मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर हो सकती है। फिलीपींस वर्ष 2026 के लिए 11-सदस्यीय आसियान (ASEAN) का वर्तमान अध्यक्ष है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर संगठन की अध्यक्षता कर रहे हैं। (इनपुट-भाषा)


