उपराज्यपाल टी.एस. संधू ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस की सराहना की

दिल्ली के उपराज्यपाल टी.एस. संधू ने सोमवार को पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से मुलाकात की और तीन दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सुचारू व सुरक्षित संचालन के लिए दिल्ली पुलिस की जमकर सराहना की।

दिल्ली पुलिस की अनुकरणीय व्यावसायिकता की तारीफ

लोक निवास से जारी संदेश में कहा गया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने आज लोक निवास में उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात की। उपराज्यपाल ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान निर्बाध सुरक्षा और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने में उनकी तथा पूरी दिल्ली पुलिस टीम की अनुकरणीय व्यावसायिकता और समर्पण की सराहना की। उपराज्यपाल संधू ने कहा कि दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता के कारण दिल्ली ने इस वैश्विक सम्मेलन की सुचारू, सुरक्षित और गौरवपूर्ण मेजबानी की। 

ब्रिक्स से पहले दिल्ली यातायात पुलिस की नई वेबसाइट लॉन्च

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से ठीक पहले उपराज्यपाल संधू ने दिल्ली यातायात पुलिस की उन्नत वेबसाइट का शुभारंभ किया था। इस वेबसाइट से नागरिकों को यातायात संबंधी जानकारी और सेवाओं तक ऑनलाइन पहुंचने का सरल, इंटरैक्टिव, सूचनात्मक, सुलभ और सुरक्षित तरीका मिल गया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि 10 सितंबर को जनता के लिए समर्पित यह उन्नत वेबसाइट दिल्ली यातायात पुलिस के उस प्रयास को दर्शाती है, जिसमें प्रौद्योगिकी का उपयोग सिर्फ जानकारी देने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि नागरिकों के दैनिक यातायात अनुभव को आसान और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया है।

नागरिकों के लिए आसान और सुविधाजनक प्लेटफॉर्म

उपराज्यपाल संधू ने इस अवसर पर कहा कि यह मंच सिर्फ प्रशासनिक माध्यम न बने, बल्कि सड़क सुरक्षा जागरूकता, नागरिक शिक्षा और सक्रिय नागरिक भागीदारी का संवादात्मक केंद्र बने। उन्होंने सार्वजनिक सेवाओं को अधिक सुलभ, कुशल और नागरिकों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर जोर दिया। नई वेबसाइट उपयोगकर्ता के अनुकूल है और मोबाइल फोन, टैबलेट तथा अन्य उपकरणों पर आसानी से एक्सेस की जा सकती है। नागरिक अब वाहन नंबर दर्ज करके अपने वाहन के खिलाफ जारी चालान देख सकते हैं, उनकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और क्यूआर कोड के माध्यम से चालान की राशि का भुगतान भी कर सकते हैं।

उपराज्यपाल संधू के इन कदमों से साफ है कि दिल्ली प्रशासन ब्रिक्स जैसे बड़े वैश्विक आयोजनों के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दे रहा है। (इनपुट-एजेंसी)