दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश का पूर्वानुमान, गुजरात में रेड अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान सामान्य तौर पर बादलों से ढके रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यमुना नदी का जलस्तर शुक्रवार सुबह 8 बजे पुराना रेलवे पुल (ओल्ड रेलवे ब्रिज) पर 207.31 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बना हुआ है।

आईएमडी ने गुजरात में 5 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में शुक्रवार को मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं शहर का अधिकतम तापमान 25.4 से 26.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और नमी का स्तर लगभग 85% तक पहुंच जाएगा। मुंबई में शनिवार, 6 सितंबर को भी मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 1,655 गांव प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक प्रभावित गुरदासपुर में 324 गांव डूबे हैं, जबकि अमृतसर में 190, कपूरथला में 123, होशियारपुर में 121, संगरूर में 107 और फिरोजपुर में 111 गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं। राज्य सरकार ने इन जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

वहीं हिमाचल प्रदेश के लिए आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को यहां भारी बारिश की संभावना है। कुल्लू जिले में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे म्युनिसिपल काउंसिल के भीतर तिब्बती कॉलोनी को सुरक्षा देने वाली दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।-(ANI)

RELATED ARTICLES

20/05/26 | 10:09 am | Delhi Heatwave 2026

एनसीआर तपिश की चपेट में: भीषण गर्मी और लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट, 25 मई तक राहत के आसार नहीं

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मौसम विभाग द्वारा 25 मई...

24/12/25 | 12:20 pm | Chillai Kalan Winter Kashmir

जम्मू-कश्मीर में ठंड का कहर, गुलमर्ग-पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे

जम्मू और कश्मीर में बुधवार को श्रीनगर शहर में रात का तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से ऊपर रहा, जबकि गुलम...