प्रतिक्रिया | Tuesday, May 07, 2024

लोकसभा चुनाव 2024: दोपहर 3 बजे तक त्रिपुरा में 68.92 प्रतिशत मतदान, महाराष्ट्र 43.01 प्रतिशत के साथ सबसे कम

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, त्रिपुरा मतदान में सबसे आगे है, दोपहर 3 बजे तक राज्य में 68.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अन्य राज्य जहां अधिक मतदान दर्ज किया गया है वे हैं – मणिपुर (68.48 प्रतिशत), छत्तीसगढ़ (63.92 प्रतिशत), पश्चिम बंगाल (60.60 प्रतिशत), और असम (60.32 प्रतिशत)।

अब तक, महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 3 बजे तक 43.01 प्रतिशत के साथ सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में 44.24 फीसदी, जम्मू-कश्मीर (57.76 फीसदी), कर्नाटक (50.93 फीसदी), केरल (51.64 फीसदी), मध्य प्रदेश (46.68 फीसदी), राजस्थान ( 50.27 प्रतिशत), उत्तर प्रदेश (44.13 प्रतिशत) दर्ज किया गया है।

लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के लिए मतदान 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 88 संसदीय क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ। भीषण गर्मी के कारण मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर आने की सुविधा के लिए बिहार के बांका, मधेपुरा, खगड़िया और मुंगेर संसदीय क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर मतदान का समय शाम छह बजे तक बढ़ा दिया गया है।

19 अप्रैल को पहले चरण की 102 सीटों के लिए मतदान सुचारु और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। दूसरे चरण में 16 लाख से अधिक मतदान अधिकारी 1.67 लाख मतदान केंद्रों पर 15.88 करोड़ से अधिक मतदाताओं का स्वागत करेंगे। मतदाताओं में 8.08 करोड़ पुरुष शामिल हैं; 7.8 करोड़ महिला और 5929 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। 34.8 लाख पहली बार मतदाता अपना वोट डालेंगे। इसके अतिरिक्त, 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.28 करोड़ युवा मतदाता हैं। 1202 उम्मीदवार (पुरुष- 1098; महिला – 102; ट्रांसजेंडर- 02) मैदान में हैं।

मध्य प्रदेश में 29-बैतूल संसदीय क्षेत्र पर बहुजन समाज पार्टी के एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान तीसरे चरण में पुनर्निर्धारित किया गया है। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से मतदान केन्‍द्रों पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने और जिम्मेदारी व गर्व के साथ मतदान करने का आह्वान किया है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1279680
आखरी अपडेट: 7th May 2024