प्रतिक्रिया | Saturday, April 26, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

लोकसभा चुनाव : सातवें चरण में शाम 5 बजे तक 58.34 प्रतिशत वोटिंग,पश्चिम बंगाल में सर्वाधिक 69.89 प्रतिशत मतदान

चुनाव आयोग ने बताया कि सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आज 1 जून को लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के मतदान में शाम 5 बजे तक 58.34 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक 69.89 प्रतिशत मतदान के साथ पश्चिम बंगाल सबसे आगे है।

सातवें चरण में जिन अन्य राज्यों में मतदान हो रहा है, उनमें बिहार- 48.86 प्रतिशत, चंडीगढ़- 62.80 प्रतिशत, ओडिशा- 62.46 प्रतिशत, पंजाब- 55.20 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश- 54 प्रतिशत और हिमाचल प्रदेश 66.56 प्रतिशत शामिल हैं। सातवें चरण का मतदान शनिवार को सुबह 7 बजे से सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 57 संसदीय क्षेत्रों में शुरू हुआ।

चुनाव आयोग के मुताबिक 7वें चरण में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष 4.82 करोड़ महिला और 3574 थर्ड जेंडर मतदाताओं सहित 10.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। ओडिशा राज्य विधानसभा की शेष 42 विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान जारी है। यहां दोपहर 3 बजे तक 62.46 प्रतिशत मतदान हुआ है।

मतदान समाप्त होते ही एग्जिट पोल किए जाएंगे प्रसारित

बता दें कि मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न टीवी चैनलों पर एग्जिट पोल के नतीजे प्रसारित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे से 1 जून को शाम 6:30 बजे तक मतदान समाप्त होने तक एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगा दिया था। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए हाई-वोल्टेज प्रचार गुरुवार को समाप्त हो गया।

सात चरणों वाले लोकसभा चुनावों के लंबे प्रचार के दौरान, पीएम मोदी ने 75 दिनों में 200 से अधिक चुनाव कार्यक्रम किए, जिनमें रैलियां और रोड शो शामिल थे। उन्होंने कई साक्षात्कार भी दिए। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी लोकसभा चुनाव में 100 से अधिक रैलियां और न्याय सम्मेलन और न्याय मंच जैसे सार्वजनिक संपर्क कार्यक्रम किए।

लोकसभा चुनाव के पहले छह चरणों के लिए मतदान 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई और 25 मई को हुआ था। इस दौरान आंध्र प्रदेश, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी हुए हैं। ओडिशा में भी पिछले चार चरणों में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हो रहे हैं। 4 जून को मतगणना होगी और उसी दिन नतीजे आएंगे।

आगंतुकों: 24594556
आखरी अपडेट: 26th Apr 2025