दावोस में महाराष्ट्र के लिए निवेश की बड़ी सौगात, हजारों करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (डब्लूईएफ) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में महाराष्ट्र सरकार और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों और वैश्विक संस्थानों के साथ बड़े पैमाने पर निवेश से जुड़े समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

कई क्षेत्रों में निवेश को लेकर करार

इन एमओयू के तहत महाराष्ट्र में रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, स्टील, नवीकरणीय ऊर्जा, आईटी-आईटीईएस, डेटा सेंटर, शहरी परिवहन और सतत औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावोस में अलग-अलग उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।

डब्लूईएफ अधिकारियों से चर्चा

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, दावोस में डब्लूईएफ के अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रमुख और कार्यकारी समिति के सदस्य जेफ मेरिट के साथ मुख्यमंत्री फडणवीस ने बैठक की। इस दौरान वैश्विक औद्योगिक बदलावों और भविष्य में उद्यम विकास में सतत नवाचार की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।

आईकेईए के विस्तार पर बातचीत

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इंगका ग्रुप (आईकेईए रिटेल) के सीईओ और अध्यक्ष जुवेंसियो मैएज्यु से भी मुलाकात की। बैठक में महाराष्ट्र में आईकेईए के विस्तार और बड़े पैमाने पर निवेश को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को लेकर आईकेईए की योजनाओं के बारे में जानकर प्रसन्नता हुई और महाराष्ट्र में उनके कारोबार को मिले सहयोग के लिए उन्होंने केंद्र सरकार का आभार जताया।

लॉजिस्टिक्स और स्टील सेक्टर में बड़े समझौते

मुंबई में लॉजिस्टिक्स सेक्टर के लिए 20 बिलियन डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। वहीं गढ़चिरौली और विदर्भ में स्टील सेक्टर के लिए 20 हजार करोड़ रुपए के निवेश से जुड़े करार हुए। इसके अलावा पालघर में स्टील सेक्टर के लिए बीएफएन फोर्जिंग्स और महाराष्ट्र सरकार के बीच 565 करोड़ रुपए का समझौता किया गया।

नवीकरणीय ऊर्जा और डेटा सेंटर में निवेश

नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार और योकी ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के बीच चार हजार करोड़ रुपए का समझौता हुआ। इसी तरह मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में आईटी और डेटा सेंटर क्षेत्र के लिए महाराष्ट्र सरकार और लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड के बीच एक लाख करोड़ रुपए के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

कोका-कोला के साथ संभावनाओं पर मंथन 

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, देवेंद्र फडणवीस ने डब्लूईएफ शिखर सम्मेलन के दौरान कोका-कोला कंपनी के सीवीपी माइकल गोल्ट्जमैन से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कोका-कोला के विस्तार और महाराष्ट्र के जामनेर जैसे संभावित विकल्पों पर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही महाराष्ट्र की जीसीसी पॉलिसी, बेहतर खाद्य गुणवत्ता और सहयोग की संभावनाओं पर भी बात की गई। (इनपुट: आईएएनएस)