मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश इकाइयों ने ‘ऑपरेशन ब्लैक हॉक’ के तहत लखनऊ के पास लगातार अभियान चलाकर 18.64 किलोग्राम कच्ची हेरोइन जब्त की है। कार्रवाई में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के तीन प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। प्रतिबंधित मादक पदार्थ पूर्वोत्तर राज्य से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने के लिए तस्करी किया जा रहा था।
पूर्वोत्तर क्षेत्र से लखनऊ तक मादक पदार्थों की आवाजाही के संबंध में सीबीएन की मध्य प्रदेश इकाई को मिली सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर सीबीएन एमपी और यूपी इकाइयों की संयुक्त टीमों ने 20-21 अगस्त की मध्य रात्रि में सुल्तानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर घेराबंदी की।
विभिन्न टोल प्लाजा पर लगातार निगरानी के बाद 21 अगस्त को स्ट्राइक टीम ने लखनऊ के पास असम में पंजीकृत एक हुंडई क्रेटा को रोका। वाहन की तलाशी में कुछ नहीं मिला और उसमें सवार लोगों ने खुद को निर्दोष बताया। हालांकि, पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि उन्होंने केवल 500 किलोमीटर की दूरी में चार बार ईंधन भरवाया था।
इसके बाद ईंधन टैंक की भौतिक जांच की गई, जिसमें खोखली आवाज आने पर अधिकारियों को संदेह हुआ। लखनऊ स्थित सीबीएन कार्यालय में तकनीकी सहायता से ईंधन टैंक खोला गया। इसके अंदर विशेष रूप से तैयार किया गया एक कंटेनर मिला, जिसमें 16.46 किलोग्राम कच्ची हेरोइन से भरे 25 वाटरप्रूफ पैकेट रखे थे। दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी दौरान सीबीएन की उत्तर प्रदेश इकाई को मिली एक अन्य महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी के आधार पर सिलीगुड़ी-लखनऊ कॉरिडोर पर प्रतिबंधित सामान ले जा रहे एक भारी ट्रक की निगरानी शुरू की गई। सीबीएन की टीमों ने कई टोल प्लाजा से गुजरते हुए ट्रक का पीछा किया और बाराबंकी के पास उसे रोक लिया।
गहन तलाशी के दौरान वाहन के ढांचे के भीतर विशेष रूप से बनाए गए एक गुप्त कक्ष से 2.16 किलोग्राम कच्ची हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक औषधि एवं मनोविकृत पदार्थ अधिनियम, 1985 की संबंधित कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। परिवहन वाहनों और पूरी प्रतिबंधित खेप को जब्त कर लिया गया है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र में मुख्य आपूर्तिकर्ताओं का पता लगाने और उनसे जुड़े वितरण नेटवर्क को नष्ट करने के लिए व्यापक वित्तीय और लॉजिस्टिक जांच जारी है।
प्रमुख कार्रवाई का विवरण:
कुल जब्त मादक पदार्थ: 18.64 किलोग्राम कच्ची हेरोइन
कार से बरामदगी: 16.48 किलोग्राम
भारी वाणिज्यिक वाहन से बरामदगी: 2.16 किलोग्राम
जब्त वाहन: असम में पंजीकृत हुंडई क्रेटा और एक भारी वाणिज्यिक ट्रक
कुल गिरफ्तारियां: 3
छिपाने के तरीके: कृत्रिम ईंधन टैंक और वाहन के भीतर बनाया गया गुप्त कक्ष
(PIB)


