केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने मंगलवार को नई दिल्ली में अर्बन अड्डा 2025 सम्मेलन का उद्घाटन किया। 3 जून से 5 जून तक चलने वाले इस सम्मेलन में जलवायु-अनुकूल शहर, लिंग और गतिशीलता, स्वच्छ हवा और पानी, अपशिष्ट प्रबंधन और समावेशी परिवहन पर विषयगत सत्र शामिल हैं। इस तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं, विशेषज्ञों और जिग्गजों को एकजुट करके बेहतर शहरी भविष्य बनाना है।
डॉ. मांडविया ने अपने मुख्य भाषण में कहा, “साइकिल चलाना व्यायाम का सबसे अच्छा तरीका है। यह न केवल हमें स्वस्थ बनाता है बल्कि पर्यावरण को भी बनाए रखने में मदद करता है। साइकिल चलाना प्रदूषण का समाधान है” उन्होंने कहा कि अगर हमें 2047 तक वास्तव में विकसित भारत का निर्माण करना है तो हमें सुरक्षित सड़कों, बेहतर सार्वजनिक स्थानों और साइकिल चलाने जैसे सुलभ गतिशीलता विकल्पों के माध्यम से अपने बच्चों के दैनिक के जीवन को सुरक्षित करना शुरू करना होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “जब मैं पहली बार सांसद बना था, तो मैं हर दिन साइकिल से संसद जाता था और लोग मुझे ‘साइकिल वाला सांसद’ के रूप में देखते थे। हमें साइकिल चलाने को एक मुहिम में बदलना होगा और इस धारणा को दूर करना होगा कि यह केवल समाज के एक विशेष वर्ग के लिए है और ऐसा करने से साइकिल चलाना सभी के लिए एक फैशन बन जाएगा।”
वहीं, सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के बारे में मनसुख मांडविया ने कहा, “संडे ऑन साइकिल पहल फिट इंडिया को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रव्यापी मुहिम बन गई है। मैं सभी से प्रतिदिन साइकिल चलाने और 2047 तक विकसित भारत की दिशा में योगदान देने का आग्रह करता हूँ।”
इसके अलावा, आज विश्व साइकिल दिवस (3 जून) के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान डॉ. मांडविया ने औपचारिक रूप से दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों का शुभारंभ किया- 1- साइकिलिंग, बच्चे और शहर, लेखक-डॉ. भैरवी जोशी, 2-रोड टू साइकिल2स्कूल, लेखक- डॉ. भैरवी जोशी और एआर. कुश पारिख
उल्लेखनीय है, ये पुस्तकें शहरी परिवेश को तत्काल नए सिरे से डिजाइन करने की आवश्यकता पर जोर डालती है ताकि बच्चों के लिए सक्रिय गतिशीलता, स्वस्थ जीवनशैली और सुरक्षित सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराए जा सकें।


