प्रतिक्रिया | Saturday, September 07, 2024

देश के कई राज्य बारिश और आंधी तूफान से प्रभावित, पीएम मोदी और गृहमंत्री ने दिया मदद का भरोसा

देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की वजह से तबाही हुई है। पश्चिम बंगाल के कई हिस्से प्रभावित हुए हैं। उत्तर बंगाल के इलाके में लगातार बारिश, आंधी और तूफान के बाद पांच लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मदद का आश्वासन दिया है। उससे पहले पीएम मोदी ने तूफान में जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त करके उन्होंने अधिकारियों से बात की है और उनसे प्रभावित लोगों को उचित सहायता सुनिश्चित करने के लिए कहा है।अधिकारियों ने बताया कि जलपाईगुड़ी में स्थिति से निपटने के लिए राजभवन में एक आपातकालीन कक्ष भी खोला गया है। गृहमंत्री ने राज्य की सीएम ममता बनर्जी से बातचीत की है और कहा है कि हर तरह से मदद करेंगे। इसके अलावा गृह मंत्री ने असम और मणिपुर के मुख्यमंत्रियों से बात की है। तीनों राज्यों में तूफान की वजह से भारी नुकसान हुआ है। पश्चिम बंगाल में पांच लोगों की मौत हुई है। गृहमंत्री ने पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं से भी पीड़ितों की मदद करने की अपील की है।

200 से अधिक लोग हुए बेघर
उधर जलपाईगुड़ी शहर और इसके आसपास के इलाकों के लोग रविवार को आये तूफान के बाद की स्थिति से जूझ रहे हैं। अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है और 200 से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। सीएम के अलावा राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस भी प्रभावित लोगों से मिलजुल रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भी उत्तर बंगाल जाकर अस्पताल में भर्ती लोगों से मुलाकात की है।
जिला मुख्यालय शहर के अधिकतर हिस्सों और पड़ोसी मैनागुड़ी के कई इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाओं के कारण लगभग 200 लोग घायल हो गए। कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए। सीएम ने कहा कि राज्य प्रशासन प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सब कुछ करेगा।

राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी सोमवार को जलपाईगुड़ी पहुंचे। बोस ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। तूफान में जानमाल का नुकसान हुआ है। सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। मैं इलाके का दौरा करूंगा और वहां के लोगों से बात करूंगा। सब कुछ किया जाएगा।

भीषण तूफान और चक्रवात से मिजोरम में कई घर गिरे, मवेशियों की मौत

भारी तूफान और चक्रवात ने मिजोरम के बड़े इलाके को तबाह कर दिया है। चक्रवात में कई घर ढह गए हैं। पशुधन को काफी नुकसान हुआ है। मिजोरम में विनाशकारी तूफान आया। इससे संपत्ति और पशुधन को व्यापक क्षति हुई। त्रिपुरा और असम की सीमा से लगे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। संबंधित क्षेत्र के प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने के साथ ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। तूफान प्रभावित इलाकों के अलावा, आइजोल शहर के कई इलाकों में तूफान के बाद बिजली गुल हो गई है।

सेरचिप समेत कई जिलों में कई घर ढह गए हैं। तेज चक्रवात से कई घरों की छतें उड़ गईं। तूफान प्रभावित जिलों में कई बिजली के खंभे उखड़ गये हैं। विशाल पेड़ और बिजली के खंभे सड़कों पर गिर गए जिससे यातायात बाधित हुआ। मिजोरम-त्रिपुरा सीमा पर भांगमुन में करंट लगने से सियामकुंगा की 10 गायों की मौत हो गई।

बता दें कि रविवार को अचानक आये तूफान से बंगाल, त्रिपुरा और असम का एक बड़ा इलाका प्रभावित हुआ है। बंगाल में पांच लोगों की मौत हो गयी है। जिन पांच लोगों की मौत हुई है उनमें से दो जलपाईगुड़ी शहर के रहने वाले हैं। एक गौशाला मोड़ और दूसरा सेन पारा निवासी था। दो अन्य लोग मैनागुड़ी के वार्निश इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7711057
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024