सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का समुद्री क्षेत्र तेजी से सुधार की दिशा में आगे बढ़ रहा है और हर सुधार का लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने समुद्री क्षेत्र में सुधार और विकास के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में “Maritime Reform Utsav” मनाने की घोषणा की।
इस पहल के तहत बंदरगाह, जहाजरानी, अंतर्देशीय जलमार्ग, तटीय बुनियादी ढांचे, हरित जहाजरानी, डिजिटलीकरण और समुद्री संपर्क जैसे क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
सर्बानंद सोनोवाल ने एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए समुद्री क्षेत्र में सुधार आधारित व्यापक रोडमैप पर चर्चा की। बैठक में सुशासन, कारोबार सुगमता (EODB), डिजिटल एकीकरण, शिकायत निवारण और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “Reform, Perform, Transform और Inform” के मंत्र के जरिए भारत के समुद्री क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है।
मंत्री ने कहा, “Maritime Reform Utsav भारत के आधुनिक, कुशल और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी समुद्री शक्ति बनने की यात्रा का उत्सव होगा।”
सरकार ने कारोबार सुगमता और डिजिटल प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए जहाजरानी महानिदेशालय (DG Shipping) के तहत एक एकीकृत डिजिटल मंच और मोबाइल एप विकसित करने का भी फैसला किया है।
यह मंच हितधारकों को रियल-टाइम सेवाएं, डिजिटल दस्तावेज, शिकायत निवारण और एकीकृत समुद्री सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
मंत्री ने विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, बंदरगाह प्राधिकरणों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया, ताकि प्रमुख समुद्री और लॉजिस्टिक परियोजनाओं को तेजी से लागू किया जा सके।
-(इनपुटःएजेंसी)


