राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए रक्षा मंत्रालय को वर्ष 2025-26 का ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ प्रदान किया गया है। 300 से अधिक कार्मिक वाले मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में रक्षा मंत्रालय ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
हिंदी दिवस समारोह में मिला सम्मान
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 14 सितंबर 2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर नवी मुंबई स्थित सिडको एक्जीबिशन सेंटर में आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रक्षा मंत्रालय के अपर सचिव मनीष त्रिपाठी को यह सम्मान प्रदान किया।
हिंदी के प्रभावी प्रयोग को मिली मान्यता
यह पुरस्कार रक्षा मंत्रालय में राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग, प्रभावी कार्यान्वयन और हिंदी के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को मान्यता देता है। साथ ही, सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक और गुणवत्तापूर्ण प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों को भी इससे सम्मान मिला है।
सम्मेलन में देशभर से पहुंचे हिंदी सेवी
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों (नराकास) के अधिकारी शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में देशभर से लगभग 7,000 हिंदी सेवी भाग ले रहे हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य मौजूद
समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजितदादा पवार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। (इनपुट: पीआईबी)


