प्रतिक्रिया | Saturday, October 05, 2024

देश के कई हिस्सों में बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय और बिहार में कुछ स्थानों पर बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। केरल, माहे, तमिलनाडु और कर्नाटक के उत्तरी भागों में अगले चार दिन के दौरान तेज बारिश हो सकती है। अगले सप्ताह पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत में व्यापक वर्षा होने तथा उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिणी प्रायद्वीप के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

 

इन शहरों में स्कूल बंद

उधर राजस्थान में शनिवार से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 22 लोगों की जान चली गई। जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा में कल भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं। अधिकारियों ने आज जयपुर, जयपुर ग्रामीण, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, गंगापुर और भरतपुर जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए जयपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। सीएम ने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य में तेजी लाने और आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा।

 

उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी

उत्तराखंड में लगातार बारिश का दौर जारी है। इससे कहीं भूस्खलन तो कहीं बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। सबसे अधिक परेशानी तो राष्ट्रीय राजमार्गों पर है। लगातार हो रही बारिश का साइड इफेक्ट भी देखने को मिल रहा है। पहले से ही भूस्खलन की मार झेल रहे मार्गों की स्थिति अभी भी खतरे से खाली नहीं है। जान जोखिम में डालने के बराबर है। पहाड़ हो या मैदान सड़कों पर जरा-सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। मौसम के कहर से लगातार उत्तराखंड की सड़कों की सेहत बिगड़ती जा रही है। अतिवृष्टि से राज्य की सड़कें लगातार अवरुद्ध हो रही हैं।
केदारघाटी में रेस्क्यू अभियान का प्रथम चरण पूरा हो गया है। इसके साथ वायु सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर को विदा कर दिया गया है। अब कहीं भी कोई यात्री नीचे आने के लिए शेष नहीं बचा है। स्थानीय लोग जिन्हें नीचे आना था, वे सभी लाए जा चुके हैं।

 

पश्चिम बंगाल में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 91 फीसदी और न्यूनतम 69 फीसदी रहने का अनुमान है।

 

झारखंड के शहरों में 13 से 15 अगस्त तक येलो अलर्ट

झारखंड की राजधानी रांची, पलामू, रामगढ़ और चतरा जिले में कुछ ही घंटों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 17 अगस्त तक राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 13 से 15 अगस्त तक राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वज्रपात की भी आशंका है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने खराब मौसम रहने पर सतर्क रहने की अपील की है। बारिश और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटे में राज्य में लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। राज्य में मॉनसून की गतिविधि सामान्य रही। सबसे अधिक बारिश 86 मिलीमीटर गढ़वा के धुरकी में दर्ज की गयी। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में रिकॉर्ड किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रांची में दर्ज किया गया।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 9060047
आखरी अपडेट: 5th Oct 2024