06/02/26 | 10:08 am | MCC | NCS

Print

NCS के जरिए 3.43 करोड़ से ज्यादा नौकरियां उपलब्ध

सरकार ने बताया है कि राष्ट्रीय करियर सेवा (National Career Service – NCS) पोर्टल पर चालू वित्त वर्ष 2025–26 में अब तक 78.86 लाख से अधिक नौकरी चाहने वालों और 12.36 लाख से ज्यादा नियोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। यह जानकारी संसद को दी गई।

श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने राज्यसभा में लिखित जवाब में बताया कि इसी अवधि में NCS पोर्टल पर 3.43 करोड़ से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।

मंत्री ने बताया कि NCS परियोजना के तहत राज्यों और संस्थानों के सहयोग से मॉडल करियर सेंटर (MCC) भी स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि रोजगार से जुड़ी सेवाएं दी जा सकें। अब तक देशभर में 407 मॉडल करियर सेंटर को मंजूरी दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि NCS पोर्टल पर एक विशेष व्यवस्था है, जिसके जरिए स्वीकृत करियर काउंसलर युवाओं को करियर से जुड़ी सलाह और मार्गदर्शन देते हैं।

20 जनवरी 2026 तक,

  • 1,180 से अधिक करियर काउंसलर पोर्टल से जुड़ चुके हैं,

  • और अब तक 55 लाख से ज्यादा ऑनलाइन और ऑफलाइन करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।

NCS पोर्टल पर युवाओं के लिए रोजगार क्षमता बढ़ाने वाले कार्यक्रम, डिजिटल कौशल प्रशिक्षण और स्व-अध्ययन आधारित करियर कोर्स भी उपलब्ध हैं।

यह पोर्टल Skill India Digital Hub (SIDH) से भी जुड़ा हुआ है। यह मंच लोगों को नई स्किल सिखाने, पुरानी स्किल को बेहतर करने और रोजगार व उद्यमिता के अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से बनाया गया है।

मंत्री ने बताया कि NCS और SIDH के जुड़ने से कुशल नौकरी चाहने वालों को रोजगार के ज्यादा अवसर मिल रहे हैं और NCS पर पंजीकृत युवा स्किल इंडिया की प्रशिक्षण सेवाओं का भी लाभ उठा पा रहे हैं।

NCS पोर्टल की जानकारी और पहुंच बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया के जरिए नियमित प्रचार किया जाता है। इसके अलावा, हर महीने NCS ई-न्यूजलेटर जारी किए जाते हैं, ताकि नई सेवाओं और गतिविधियों की जानकारी दी जा सके।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बने मॉडल करियर सेंटर भी कार्यशालाएं, जागरूकता कार्यक्रम और ओरिएंटेशन सेशन आयोजित करते रहते हैं।

यह पोर्टल निजी और सरकारी नौकरियों की जानकारी, ऑनलाइन व ऑफलाइन जॉब फेयर, नौकरी खोज और मिलान, करियर काउंसलिंग, व्यावसायिक मार्गदर्शन और स्किल कोर्स से जुड़ी सेवाएं प्रदान करता है।

-(इनपुटःएजेंसी)