दिल्ली-NCR में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आसमान में बादलों का डेरा है। भारतीय मौसम विभाग ने 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
खासतौर पर दोपहर, शाम और रात के समय मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 12 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने दिनभर “थंडरस्टोर्म विथ रैन” यानी बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की चेतावनी दी है।
आईएमडी के अनुसार पूर्वाह्न के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर के समय मौसम और अधिक खराब हो सकता है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। शाम और रात के दौरान भी यही स्थिति बनी रह सकती है और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं किसानों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को भी सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। आने वाले दिनों की बात करें तो 13 मई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक विकसित होने की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हालांकि 14 मई से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। 14 मई को तापमान 37/25 डिग्री, 15 मई को 38/26 डिग्री, 16 मई को 39/27 डिग्री और 17 मई को 40/27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन दिनों आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से एनसीआर के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल बारिश और तेज हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी सुधार दर्ज हो सकता है।


